फैशन में कई बार पूरा लुक किसी बड़े हार या भारी कंगन से नहीं, बल्कि एक छोटी-सी ज्वेलरी की खासियत से याद रह जाता है। अबू जानी और संदीप खोसला के 40 साल पूरे होने के जश्न में नीता अंबानी का लुक कुछ ऐसा ही रहा। मुंबई में हुए इस खास समारोह में नीता ने लाल रंग की बहुत ही खुबसूरत साड़ी पहनी थी। लेकिन इस पूरे लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी डायमंड ज्वेलरी ने खींचा। खास तौर पर उनका चमकदार डायमंड ईयर कफ चर्चा में रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने लाल धागे वाला नाजुक नेकलेस, डायमंड पेंडेंट और स्टेटमेंट रिंग के साथ इसे स्टाइल किया।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - एक फ्रेम में दिखा अंबानी परिवार का फैशन, किसका लुक रहा सबसे खास?
डायमंड ईयर कफ ट्रेंड
इस पूरे लुक का सबसे दिलचस्प हिस्सा था उनका डायमंड ईयर कफ। आम ईयररिंग्स के मुकाबले ईयर कफ कान के किनारे को ज्यादा कवर करता है और बिना बहुत सारे गहने पहने भी स्टेटमेंट लुक देता है। नीता का यह अंदाज ट्रेडिशनल साड़ी के साथ थोड़ा मॉडर्न टच जोड़ता नजर आया। आजकल ईयर कफ को सिर्फ वेस्टर्न आउटफिट के साथ पहनने की जरूरत नहीं है। साड़ी, लहंगे या अनारकली जैसे इंडियन आउटफिट्स के साथ भी इन्हें स्टाइल किया जा सकता है।
लेटेस्ट ईयर कफ डिजाइन, Latest Ear Cuff Design
1. डायमंड स्टेटमेंट ईयर कफ
नीता अंबानी के हालिया लुक के बाद डायमंड ईयर कफ फिर चर्चा में हैं। कान के किनारे को कवर करने वाला यह डिजाइन साधारण साड़ी या गाउन को भी तुरंत खास बना सकता है।
2. कुंदन ईयर कफ
अगर आपको पारंपरिक और शाही ज्वेलरी पसंद है, तो कुंदन ईयर कफ अच्छा विकल्प है। इसे लहंगे, सिल्क साड़ी या अनारकली के साथ पहनने पर पूरा लुक काफी रॉयल दिखाई देता है। 2026 में भारतीय शादी के लिए कुंदन और पारंपरिक कफ खास ट्रेंड में हैं।
3. पर्ल ईयर कफ
मोती वाला ईयर कफ उन लोगों के लिए है जिन्हें बहुत भारी ज्वेलरी पसंद नहीं। मोती की सादगी के साथ कफ का मॉडर्न आकार इसे इंडियन और वेस्टर्न दोनों कपड़ों के लिए उपयोगी बनाता है।
4. फ्लोरल ईयर कफ
फूलों की आकृति वाले कफ ज्वेलरी में थोड़ा फेमिनिन और फ्रेश टच जोड़ते हैं। इन्हें दिन की पार्टी, शादी के फंक्शन या हल्की साड़ी के साथ पहना जा सकता है।
5. मिनिमलिस्ट जियोमेट्रिक कफ
अगर आपको ज्यादा चमक-दमक पसंद नहीं है, तो पतले गोल, घुमावदार या ज्यामितीय आकार वाले कफ चुनें। इनका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इन्हें रोजमर्रा के कपड़ों के साथ भी पहना जा सकता है।
स्टाइलिंग टिप: ईयर कफ की खासियत यह है कि कई डिजाइन बिना किसी एक्स्ट्रा पियर्सिंग के पहने जा सकते हैं। इसलिए एक ही एक्सेसरी से कानों को स्टैक्ड और फैशनेबल लुक देना आसान है।
