Lakadong turmeric: भारत में हल्दी हर रसोई का अहम हिस्सा है। इसका इस्तेमाल सदियों से होता आया है। अपने ही देश में एक ऐसी खास तरह हल्दी भी उगाई जाती है, जो इन दिनों चर्चा में है। इसे दुनिया की बेहतरीन हल्दियों में गिना जाता है। हल्दी की ये खास किस्म है लकाडोंग हल्दी।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मेघालय की इसी खास हल्दी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए 'मिशन गोल्डन स्पाइस' की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य लकाडोंग हल्दी की खेती, प्रोसेसिंग और निर्यात को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों की आय बढ़े और यह हल्दी दुनिया के प्रीमियम मसालों में अपनी अलग पहचान बना सके।
क्या है लकाडोंग हल्दी?
लकाडोंग हल्दी मेघालय के जयंतिया हिल्स क्षेत्र में उगाई जाती है। यह हल्दी अपनी उच्च गुणवत्ता और खास रासायनिक संरचना के कारण सामान्य हल्दी से अलग मानी जाती है। इसमें करक्यूमिन की मात्रा सामान्य हल्दी की तुलना में काफी अधिक होती है। यही तत्व हल्दी को उसका पीला रंग देता है और इसके औषधीय गुणों के लिए जिम्मेदार माना जाता है।
क्यों खास है करक्यूमिन?
करक्यूमिन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व माना जाता है। कई शोध बताते हैं कि यह शरीर में सूजन कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने और कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसे किसी बीमारी के इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
सेहत को मिल सकते हैं ये फायदे
अगर संतुलित मात्रा में भोजन का हिस्सा बनाया जाए, तो हल्दी से कई संभावित लाभ मिल सकते हैं:
- शरीर की सूजन कम करने में मदद मिल सकती है।
- इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में सहायक हो सकती है।
- पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है।
- एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा और कोशिकाओं की सुरक्षा में भूमिका निभा सकते हैं।
- जोड़ों के दर्द और अकड़न में कुछ लोगों को राहत मिल सकती है।
'मिशन गोल्डन स्पाइस' से क्या बदलेगा?
सरकार की इस परियोजना का मकसद केवल हल्दी का उत्पादन बढ़ाना नहीं है। इसके तहत खेती से लेकर प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और निर्यात तक पूरी वैल्यू चेन को मजबूत किया जाएगा। योजना के जरिए खेती का क्षेत्र बढ़ाने, आधुनिक प्रोसेसिंग सुविधाएं विकसित करने और किसानों, खासकर महिलाओं, के लिए नए रोजगार के अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
क्या रोज हल्दी खाना सही है?
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सामान्य मात्रा में भोजन में इस्तेमाल की जाने वाली हल्दी ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित होती है। लेकिन अगर आप हल्दी या करक्यूमिन सप्लीमेंट लेने की सोच रहे हैं, तो पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है। खासकर यदि आप ब्लड थिनर दवाएं लेते हैं, गर्भवती हैं या किसी गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे हैं।
आज मेघालय ती लकाडोंग हल्दी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। अगर यह पहल सफल होती है, तो आने वाले सालों में भारत की यह 'गोल्डन स्पाइस' दुनिया के प्रीमियम मसालों में और मजबूत जगह बना सकती है।
