PM Modi Birthday: 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में जन्मे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर दुनियाभर से शुभकामनाओं (World Leaders Wish PM Modi) का सिलसिला जारी है। विश्व के शीर्ष नेताओं ने न केवल पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी, बल्कि उनके कुशल नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के बढ़ते कद की जमकर सराहना भी की। पीटीआई भाषा के मुताबिक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने विशेष संदेश में पीएम मोदी के वैश्विक प्रभाव का जिक्र किया।
हाल ही में भारत में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हिस्सा रहे पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी का अपने देशवासियों के बीच बहुत सम्मान है और वैश्विक पटल पर उनका रुतबा बेहद खास है। उन्होंने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ बनाने में पीएम मोदी के व्यक्तिगत योगदान की तारीफ की। वहीं, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने 'दोस्त' नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर बंगाल की महिलाओं को बड़ी सौगात, 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत सीधे खाते में आएंगे 3000 रुपये
इटली पीएम क्या बोलीं?
मेलोनी ने पीएम मोदी की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना करते हुए कहा कि इटली और भारत की गहरी दोस्ती आने वाले समय में दोनों देशों की समृद्धि का नया रास्ता बनाएगी। पीटीआई भाषा की मानें तो इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के नेतृत्व की मिसाल देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत एक मजबूत विश्व शक्ति बनकर उभरा है। नेतन्याहू ने दोनों देशों के बीच बने ऐतिहासिक रिश्तों को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही।
WHO के चीफ ने घेब्रेयेसस ने भी दी शुकामनाएं
इन प्रमुख नेताओं के अलावा डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरित और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं भेजीं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने स्वास्थ्य के मुद्दे को ब्रिक्स सम्मेलन के केंद्र में रखने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। श्रीलंका के विपक्षी नेता साजित प्रेमदासा और मालदीव के पूर्व राष्ट्रपतियों ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देकर भारत के साथ अपने आत्मीय संबंधों को दोहराया।
