Kitchen Tips: गर्मियों के मौसम में लगभग हर घर में सबसे बड़ी परेशानी सब्जियों और हरी चीजों को ताजा रखने की होती है। खासकर नींबू और धनिया बहुत जल्दी सूखने या खराब होने लगते हैं जो लोगों की परेशानी बढ़ा देते हैं। ऐसा नहीं है कि फ्रिज में रखकर ये तरोताजा बने रहें। कई बार फ्रिज में रखने के बाद भी धनिया काला पड़ जाता है और नींबू सूखने लगते हैं। आज हम आपको बताएंगे ऐसा नुस्खा कि अगर आपके पास फ्रिज नहीं है तो भी आप लंबे समय तक नींबू और धनिया को फ्रेश रख सकते हैं।
धनिया की जड़ों को पानी में रखें और नींबू पर हल्का तेल लगाएं
अगर धनिया जड़ों सहित है, तो उसे एक गिलास या कटोरी में थोड़ा पानी डालकर खड़ा कर दें। बिल्कुल वैसे जैसे फूलों को रखा जाता है। इससे धनिया जल्दी मुरझाता नहीं है। नींबू को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए उसके ऊपर हल्का सरसों या नारियल तेल लगा सकते हैं। इससे उसकी बाहरी सतह सूखती नहीं और नींबू ज्यादा दिनों तक फ्रेश रहता है।
नींबू को पानी में रखें और धनिया को कपड़े में लपेटें
अगर आप चाहते हैं कि नींबू लंबे समय तक रसदार बने रहें, तो उन्हें एक बर्तन में पानी भरकर डुबोकर रखें। ध्यान रखें कि पानी रोज बदलते रहें। इससे नींबू जल्दी सूखते नहीं हैं और कई दिनों तक ताजगी बनी रहती है। इसके अलावा धनिया को धोने के बाद तुरंत स्टोर करने की गलती ना करें। पहले इसे अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद सूती कपड़े या पेपर टॉवल में हल्के हाथ से लपेटकर किसी टोकरी या खुले बर्तन में रखें। इससे धनिया ज्यादा दिनों तक हरा रहेगा।
धूप और गर्मी से दूर रखें और मिट्टी के बर्तन का करें इस्तेमाल
नींबू और धनिया दोनों को सीधे धूप वाली जगह पर रखने से वे जल्दी खराब हो सकते हैं। इन्हें हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें। किचन का ऐसा कोना चुनें जहां ज्यादा गर्मी ना आती हो। इसके अलावा स्टोर करने के लिए मिट्टी के बर्तन का चुनाव करें जो अंदर का तापमान थोड़ा ठंडा बनाए रखता है। ऐसे में नींबू और धनिया ज्यादा समय तक ताजा बने रह सकते हैं।
