How to talk to Girls: किसी लड़की से बात करने के नाम पर अगर दिमाग में अचानक सौ सवाल घूमने लगें.. क्या बोलूं, कैसे बोलूं, सामने वाला क्या सोचेगा, तो आप अकेले नहीं हैं। कई लोगों के लिए बातचीत की सबसे बड़ी परेशानी शब्दों की कमी नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा सोच लेना होती है। इसी विषय पर युट्युबर Beer Biceps यानी रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने वीडियो में बातचीत को आसान बनाने के कई तरीके बताए हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - पुराने प्यार के पास फिर जाना चाहते हैं वापस? फैसला लेने से पहले खुद से जरूर पूछें ये 8 सवाल
उनका फोकस सिर्फ डेटिंग पर नहीं, बल्कि काम, दोस्ती और रोजमर्रा की बातचीत में बेहतर जुड़ाव बनाने पर भी है। उनके बताए विचारों को आसान भाषा में समझें तो सामने वाले को इम्प्रेस करने से ज्यादा जरूरी है उसे समझना। हर लड़की एक जैसी नहीं होती और बातचीत का कोई तय फार्मूला भी नहीं है। इसलिए हम उनके वीडियो से कुछ काम की बातें चुनकर बता रहे हैं, जिन्हें आप अपनी सामान्य बातचीत में भी आजमा सकते हैं। मकसद किसी को पटाना नहीं, बल्कि बातचीत को सहज और सम्मानजनक बनाना है।
1. बातचीत शुरू करने से पहले माहौल समझें
बीयरबाइसेप्स के मुताबिक बातचीत में जल्दबाजी करने के बजाय पहले स्थिति को समझना जरूरी है। सामने वाला व्यस्त है, परेशान है या आराम से बात करने के मूड में है, इन छोटी बातों पर ध्यान दें। अगर कोई व्यक्ति बातचीत आगे नहीं बढ़ाना चाहता, तो उसे स्पेस देना ही बेहतर है। हर चुप्पी को बातचीत में बदलना जरूरी नहीं।
2. हर बात का जवाब देने की कोशिश न करें
यह शायद सबसे काम की सलाह है। कई बार हम सामने वाले की परेशानी सुनते ही तुरंत समाधान बताने लगते हैं। लेकिन हर बार व्यक्ति सलाह नहीं मांग रहा होता। कभी-कभी वह सिर्फ चाहता है कि कोई उसकी बात ध्यान से सुने। इसलिए बीच में अपनी कहानी जोड़ने के बजाय पूछें, फिर क्या हुआ? या तुम्हें इसमें सबसे ज्यादा बुरा क्या लगा? यानी बातचीत को भाषण नहीं, दो लोगों के आपस की समझ बनाएं।
3. मजाक करें, लेकिन बेइज्जती नहीं
बीयरबाइसेप्स ने बातचीत में मजाक की भूमिका पर भी जोर दिया है। हालांकि मजेदार बनने का मतलब किसी का मजाक उड़ाना नहीं है। शुरुआत में आसपास की सामान्य स्थिति पर हल्की-फुल्की बात करना ज्यादा सहज हो सकता है। सामने वाले की कमजोरी, रूप-रंग, आर्थिक स्थिति या निजी बातों को मजाक का विषय बनाने से बचें।
4. सामने वाले की बातों को सुनें
अगर कोई व्यक्ति किसी खास विषय का बार-बार जिक्र कर रहा है, तो संभव है कि वह उसके लिए महत्वपूर्ण हो। यहां बातचीत को आगे बढ़ाने का आसान तरीका है, उस विषय पर थोड़ा और पूछना।
5. अपनी घबराहट को सामान्य मानें
लड़कियों से बात करते समय घबराहट होना कोई असामान्य बात नहीं। लेकिन इसका इलाज कोई जादुई बात चीत या तैयार फॉर्मुला नहीं है। जितनी सामान्य और दिल से असल बातचीत करेंगे, उतना ही रिश्ता मजबूत बनेगा।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध फैशन यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
