मानसून आते ही चारों तरफ हरियाली नज़र आने लगती है। ये मौसम लोगों को गर्मी से राहत तो दिलाता है, लेकिन इस मौसम में किचन में समस्या होने लगती है। बारिश के मौसम में नमी बढ़ जाती है जिससे कीड़े होने लगते हैं। खासकर साबुत अनाज में कीड़े हो जाते हैं, जिससे जायादातर लोग परेशान रहते हैं। चावल में लगे कीड़े और घुन से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं लेकिन फिर भी इससे छुटकारा नहीं मिल पाता है। ऐसे में यहां हम कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप आसानी से चावल से कीड़ों को निकाल सकते हैं।
चावल को कीड़ों से बचाने के घरेलू नुस्खे
नीम की पत्तियां
सूखी नीम की पत्तियां चावल में डालने से कीड़े नहीं लगते। इनकी तेज़ गंध कीड़ों को दूर रखती है। आप पत्तियों को सीधे चावल में डाल सकते हैं या एक छोटी पोटली बनाकर रख सकते हैं।
तेज पत्ता
तेज पत्ता भी नीम की पत्तियों की तरह ही काम करता है। 2-3 तेज पत्ते चावल के डिब्बे में डालने से कीड़े नहीं लगते।
लहसुन की कलियां
छिलके सहित लहसुन की कुछ कलियां चावल के कंटेनर में रखने से कीड़े दूर रहते हैं। जब ये सूख जाएं तो इन्हें बदल दें।
सूखी लाल मिर्च/साबुत काली मिर्च
इसके लिए 8-10 सूखी लाल मिर्च या कुछ साबुत काली मिर्च चावल के डिब्बे में डालने से कीड़े नहीं पनपते। इनकी तीखी गंध से कीड़े भाग जाते हैं।
लौंग/दालचीनी
लौंग या दालचीनी की तेज़ गंध भी कीड़ों को चावल से दूर रखती है। थोड़ी मात्रा में लौंग या दालचीनी को चावल के कंटेनर में रखें।
