कई बार पत्नियों की शिकायत होती है कि उनके पति ज्यादातर समय अपने दोस्तों के साथ ही बिताते हैं। वहीं कई बार दोस्त भी चुटकी लेते हैं कि गर्लफ्रेंड बन जाने के बाद या फिर शादी के बाद उनका दोस्त उन्हें भूल गया है। जिंदगी में प्यार और दोस्ती दोनों ही रिश्ते बहुत अहम होते हैं। प्यार हमें सुकून और अपनापन देता है तो वहीं दोस्ती हमारी खुशियों और सहारे की ताकत होती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि लोग प्यार और दोस्ती के बीच समय बांटने में उलझ जाते हैं। अगर संतुलन न बना पाएं तो दोनों रिश्तों में दूरियां आ सकती हैं। इसलिए टाइम मैनेजमेंट यहां बहुत ज़रूरी है। हम आपको यहां कुछ टिप्स बता रहे हैं जिसकी मदद से आप दोनों रिश्तों में आसानी से संतुलन बनाकर चल सकते हैं:
1. प्राथमिकता तय करें: हर रिश्ते की अपनी जगह होती है। यह समझें कि किस वक्त किसकी ज़रूरत है। अगर पार्टनर किसी परेशानी में है तो उसे समय दें। वहीं दोस्तों के साथ भी जुड़ाव बनाए रखें।
2. समय बांटकर चलें: सिर्फ पार्टनर या सिर्फ दोस्तों को समय देना सही नहीं। हफ्ते में एक-दो दिन दोस्तों से मिलें और बाकी समय पार्टनर को दें। इससे दोनों में से कोई भी खुद को अपेक्षित महसूस नहीं करेगा।
3. दोनों को मिलाएं: कई बार पार्टनर और दोस्तों को साथ लेकर छोटी सी गेट टुगेदर करें। इससे न केवल समय बचेगा बल्कि दोनों रिश्तों में नजदीकी भी बढ़ेगी।
4. बातचीत जारी रखें: अगर आप किसी कारण से दोस्त या फिर अपने पार्टनर को समय नहीं दे पा रहे हैं तो उनसे साफ-साफ शब्दों में अपनी मजबूरी बताएं। संवाद कभी ना छोड़ें। छोटे-छोटे मैसेज या कॉल भी रिश्ते को मजबूत बनाए रखते हैं।
5. खुद के लिए भी समय रखें: दोस्ती और प्यार दोनों के बीच खुद को ना भूलें। अपनी पसंद-नापसंद और आराम के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे आप और बेहतर तरीके से रिश्तों को निभा पाएंगे।
हमेशा याद रखें कि प्यार और दोस्ती दोनों जिंदगी के रंग हैं। अगर संतुलन और समझदारी से टाइम मैनेज किया जाए तो न तो पार्टनर को शिकायत होगी और न ही दोस्तों को। बल्कि आप दोनों रिश्तों का पूरा आनंद ले पाएंगे।
