क्रिकेट

मुंबई क्रिकेट संघ म्यूजियम को सचिन तेंदुलकर भेंट करेंगे ऐतिहासिक बल्ले और यादगार वस्तुएं

क्रिकेट के भगवान के नाम से विख्यात सचिन तेंदुलकर अपने करियर के 26 खास बल्ले और यादगार वस्तुएं मुंबई क्रिकेट संघ म्यूजियम को भेंट करेंगे। तेंदुलकर के शानदार क्रिकेट सफर को 'बैटोग्राफी' नाम से आयोजित इस प्रदर्शनी में दर्शाया जाएगा।

Image

सचिन तेंदुलकर (फोटो क्रेडिट ICC X)

मुंबई: महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने करियर के 26 खास बल्ले मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को भेंट करेंगे। इन बल्लों में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे सचिन ने अपने 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों में से कई यादगार शतक जड़े थे। बल्लों के अलावा उनके हेलमेट, जर्सी और करियर के महत्वपूर्ण पलों से जुड़े निजी नोट्स सहित कई अन्य यादगार वस्तुएं भी संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएंगी।

16 नवंबर को होगा बैटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन

इन अनमोल धरोहरों की प्रदर्शनी का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष समारोह में किया जाएगा। 'बैटोग्राफी' नाम से आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से सचिन तेंदुलकर के शानदार क्रिकेट सफर को उनके करियर के विभिन्न दौर में इस्तेमाल किए गए बल्लों के जरिए दर्शाया जाएगा। प्रदर्शनी का अनावरण तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगा। उन्होंने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर करियर का 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसी के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

सचिन की उपलब्धियों को करीब से जानने का मिलेगा मौका

एमसीए संग्रहालय में तेंदुलकर के नाम से समर्पित यह विशेष खंड क्रिकेट प्रेमियों को उनके करियर के ऐतिहासिक क्षणों और उपलब्धियों को करीब से जानने का मौका देगा। यहां प्रदर्शित क्रिकेट उपकरणों और निजी यादगार वस्तुओं के माध्यम से प्रशंसक उन खास लम्हों को फिर से महसूस कर सकेंगे जिसने तेंदुलकर को क्रिकेट जगत में एक अलग पहचान दिलाई। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा,''बैटोग्राफी' के माध्यम से हम एमसीए संग्रहालय में एक अनूठा आयाम जोड़ रहे हैं। इसके जरिए दर्शक उन उपलब्धियों के पीछे की कहानी को उन वास्तविक साधनों के माध्यम से जान सकेंगे, जिनसे ये ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई थीं।'

सचिन की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है उद्देश्य

उन्होंने कहा,'सचिन (तेंदुलकर) ने अपनी इन बेशकीमती धरोहरों को एमसीए के साथ साझा करने का फैसला किया, यह हमारे लिए बेहद सम्मान की बात है। इससे उनकी असाधारण विरासत आने वाली पीढ़ियों के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी सुलभ बनी रहेगी।' इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय और विश्व क्रिकेट में तेंदुलकर के अतुलनीय योगदान को सहेजना, सम्मान देना और उनकी क्रिकेट विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article