Gulab Jamun Recipe: गुलाब जामुन का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। डाइटिंग पर रहने वाले लोग भी इसे देखकर खुद को कंट्रोल नहीं कर पाते हैं। हममे से ज्यादातर लोग गुलाब जामुन बाजार से खरीदकर खाते हैं। क्योंकि इसे बनाना काफी मुश्किल लगता है। लेकिन यहां बताई गई रेसिपी को फॉलो कर आप बाजार जैसा स्वादिष्ट और मुलायम गुलाब जामुन बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें गुलाब जामुन की ये आसान रेसिपी।
सामग्री:
- खोया (मावा) - 250 ग्राम
- पनीर - 100 ग्राम
- मैदा - 2 से 3 चम्मच
- बेकिंग सोडा - एक चुटकी
- घी या तेल - तलने के लिए
- चाशनी के लिए:
- चीनी - 3 कप (लगभग 600 ग्राम)
- पानी - 2 कप
- इलायची पाउडर - 1/2 चम्मच
- केसर
बनाने की विधि:
चाशनी तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर उबालें। चीनी घुलने तक चलाते रहें। जब यह थोड़ा चिपचिपा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इलायची पाउडर और केसर के धागे मिला दें। चाशनी को ढंककर एक तरफ रख दें।
गुलाब जामुन का आटा गूंथें
एक बड़े बर्तन में खोया और पनीर को अच्छी तरह से मैश करें। इसे इतना मसलें कि यह चिकना और मुलायम हो जाए। अब इसमें मैदा और बेकिंग सोडा मिलाकर अच्छी तरह से गूंथ लें। आटा नरम और लचीला होना चाहिए। अगर आटा सूखा लगे, तो थोड़ा-सा पानी या दूध मिला सकते हैं।
गुलाब जामुन की बॉल्स बनाएं
आटे से छोटी-छोटी लोइयां लें और उन्हें अपनी हथेली पर गोल या अंडाकार आकार दें। ध्यान रखें कि बॉल्स में कोई दरार न हो, नहीं तो वे तलते समय फट सकती हैं।
गुलाब जामुन तलें
एक कड़ाही में घी या तेल गरम करें। घी बहुत ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए, बल्कि मध्यम आंच पर होना चाहिए। एक छोटा सा टुकड़ा डालकर देखें। अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आता है, तो घी सही तापमान पर है। आंच को धीमा करके, एक-एक करके बॉल्स को कड़ाही में डालें। एक साथ ज्यादा बॉल्स न डालें। इन्हें धीमी आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तलें। तलते समय इन्हें धीरे-धीरे पलटते रहें ताकि ये सभी तरफ से समान रूप से पकें। जब ये सुनहरे भूरे रंग के हो जाएं, तो इन्हें निकाल लें।
गुलाब जामुन को चाशनी में डालें
तले हुए गुलाब जामुन को तुरंत हल्की गरम चाशनी में डाल दें। इन्हें कम से कम 1-2 घंटे के लिए चाशनी में डूबा रहने दें, ताकि ये चाशनी को अच्छी तरह से सोख लें और नरम और रसीले हो जाएं।
