Aloe Vera plant growing tips: भारत में एलोवेरा बेहद पॉपुलर इनडोर प्लांट है। ये घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही बालों से लेकर त्वचा की समस्याओं तक से निजाद दिलाता है। इसे गमले में लगाना बहुत आसान है। फिर भी बहुत से लोगों की शिकायत रहती है कि उनके एलोवेरा की अच्छी ग्रोथ नहीं हो रही। दरअसल जाने-अनजाने में हमसे कुछ छोटी बड़ी गलतियां हो जाती हैं। इसीलिए हम आपको यहां बता रहे हैं कि घर पर गमले में एलोवेरा लगाने का सही तरीका क्या है।
गमले में कैसे लगाएं एलोवेरा प्लांट
एलोवेरा के लिए मिट्टी का गमला सबसे अच्छा माना जाता है। गमले में नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए। बहुत छोटे गमले में पौधा लगाने से इसकी जड़ें फैल नहीं पातीं, इसलिए कम से कम 8 से 10 इंच का गमला चुनें। याद रखें कि एलोवेरा को ऐसी मिट्टी पसंद होती है, जिसमें पानी जमा न हो।
अब सबसे पहले गमले में मिट्टी भरें। उसके बाद अगर आपके पास एलोवेरा का छोटा पौधा या 'पप' है, तो उसे इतनी गहराई तक लगाएं कि उसकी जड़ें पूरी तरह मिट्टी में ढक जाएं। पौधा लगाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा पानी न डालें। हल्का पानी पर्याप्त होता है।
क्या डालने से तेजी से बढ़ता है एलोवेरा?
एलोवेरा बहुत ज्यादा खाद नहीं मांगता, लेकिन कुछ देसी उपाय इसकी ग्रोथ को बेहतर बना सकते हैं:
गोबर की सड़ी खाद: हर दो-तीन महीने में थोड़ी-सी खाद डालने से पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
केले के छिलके का पानी: केले के छिलकों को एक-दो दिन पानी में भिगोकर उस पानी को महीने में एक बार पौधे में डाल सकते हैं। इसमें मौजूद पोटैशियम पौधे की वृद्धि में मदद करता है।
चायपत्ती की खाद: इस्तेमाल की गई चायपत्ती को अच्छी तरह धोकर सुखा लें और थोड़ी मात्रा में मिट्टी में मिला दें। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में मर जाते हैं ये पौधे
पानी देने में न करें यह गलती
एलोवेरा एक सक्यूलेंट पौधा है, यानी इसकी पत्तियां पानी जमा करके रखती हैं। इसलिए इसे रोज-रोज पानी देने की जरूरत नहीं होती। गर्मियों में सप्ताह में एक या दो बार और सर्दियों में इससे भी कम पानी देना पर्याप्त है।
धूप भी है जरूरी
एलोवेरा को रोज कुछ घंटे हल्की धूप मिलनी चाहिए। इसे ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की धूप आती हो। बहुत ज्यादा तेज दोपहर की धूप कई बार इसकी पत्तियों को पीला भी कर सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में कैसे रखें अपने पौधों का ध्यान
पौधे का ऐसे रखें ख्याल
जब पौधे के आसपास छोटे-छोटे नए पौधे निकलने लगें, तो उन्हें अलग गमलों में लगा दें। समय-समय पर सूखी और पीली पत्तियों को भी हटा दें। इससे मुख्य पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है।
