लाइफस्टाइल

मशरूम खाने के शौकीनों के लिए एक्सपर्ट की खास टिप, बनाते समय करें ये 1 काम, 3 गुना तक ज्यादा मिलेगा विटामिन डी

Mushroom And Vitamin D: अगर आप मशरूम खाना पसंद करते हैं तो इसे पकाने से पहले एक्सपर्ट की बताई यह आसान ट्रिक आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। इससे आपको भरपूर विटामिन डी मिलेगा।

Image

ऐसे मशरूम खाएं और विटामिन डी बढ़ाएं

Mushroom And Vitamin D: अगर आपके घर में भी अक्सर मशरूम की सब्जी बनती है, तो आज की यह जानकारी आपके बहुत काम आने वाली है। ज्यादातर लोग मशरूम को धोकर सीधे पका लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पकाने से पहले सिर्फ 30 मिनट का एक छोटा-सा काम करने से इसमें मिलने वाला विटामिन डी काफी बढ़ सकता है? हेल्थ इंफ्लुएंसर और सर्टिफाइड डाइटिशियन जूही अरोड़ा ने अपने सोशल मीडिया पेज पर एक आसान ट्रिक बताई है, जिसे घर पर कोई भी अपना सकता है। अगर आप भी चाहते हैं कि खाने से ज्यादा पोषण मिले, तो इस आसान तरीके के बारे में जरूर जानिए।

सबसे पहले मशरूम को सही तरीके से काटें

जूही अरोड़ा के मुताबिक, सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उसका डंठल हटा दें और इस तरह काटें कि उसका अंदर वाला हिस्सा खुलकर दिखाई दे। ऐसा करने से धूप सीधे मशरूम के अंदर तक पहुंचती है और उसे ज्यादा फायदा मिलता है।

पकाने से पहले आधा घंटा धूप में रखें

मशरूम काटने के बाद उसे करीब 30 मिनट तक धूप में रखें। एक्सपर्ट का कहना है कि धूप लगने से मशरूम में मौजूद एक प्राकृतिक तत्व बदलकर विटामिन डी में बदलने लगता है। इसी वजह से धूप में रखे हुए मशरूम से शरीर को सामान्य मशरूम की तुलना में ज्यादा विटामिन डी मिल सकता है।

कितना फायदा मिल सकता है

जूही अरोड़ा के अनुसार, इस तरीके से तैयार किए गए मशरूम से करीब 1200 IU तक विटामिन डी मिल सकता है। हालांकि यह मात्रा धूप कितनी तेज है, मशरूम किस तरह का है और कितनी देर धूप में रखा गया है, इन बातों पर भी निर्भर करती है। फिर भी यह एक आसान तरीका है, जिससे मशरूम का पोषण बढ़ाया जा सकता है।

क्या पकाने से इसका असर खत्म हो जाएगा

कई लोगों को लगता है कि गैस पर पकाने के बाद विटामिन डी खत्म हो जाता है। लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक ऐसा नहीं है। अगर मशरूम को पहले धूप में रखा गया है, तो पकाने के बाद भी उसमें बना विटामिन डी काफी हद तक सुरक्षित रहता है। इतना ही नहीं, ऐसे मशरूम को 7 से 8 दिन तक फ्रिज में रखकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस बात का भी रखें ध्यान

यह तरीका मशरूम से ज्यादा पोषण पाने का आसान उपाय है, लेकिन अगर आपके शरीर में विटामिन डी की कमी है, तो सिर्फ इसी पर भरोसा न करें। सही जांच और इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। साथ ही रोजाना संतुलित खाना, थोड़ी धूप और स्वस्थ जीवनशैली भी उतनी ही जरूरी है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी हेल्थ इंफ्लुएंसर और सर्टिफाइड डाइटिशियन जूही अरोड़ा द्वारा साझा की गई सलाह और उपलब्ध वैज्ञानिक जानकारी पर आधारित है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या विटामिन डी की कमी होने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article