Sneezing While Cleaning: घर की सफाई करते समय कई लोगों को अचानक छींकें आने लगती हैं। कोई झाड़ू लगाते ही छींकने लगता है, तो किसी को पुराने सामान या अलमारी की सफाई करते समय नाक बहने लगती है। अक्सर लोग सोचते हैं कि कहीं यह किसी बड़ी बीमारी का संकेत तो नहीं। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर मामलों में ऐसा होना बिल्कुल सामान्य है। हालांकि, अगर हर बार सफाई के दौरान यही परेशानी हो या छींकों के साथ दूसरी दिक्कतें भी होने लगें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के नाक, कान और गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ एवं एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ. के. वी. एस. एस. आर. के. शास्त्री के अनुसार कि सफाई के समय छींक आने के पीछे क्या वजह होती है, कब यह सामान्य है और कब डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत पड़ सकती है।
सफाई करते समय छींक क्यों आती है
डॉ. शास्त्री के मुताबिक, जब हम झाड़ू लगाते हैं, धूल साफ करते हैं या पुराने सामान को इधर-उधर करते हैं, तो हवा में बहुत बारीक धूल उड़ने लगती है। इसके साथ फूलों के परागकण, फफूंदी के छोटे कण, पालतू जानवरों के बाल और दूसरी गंदगी भी हवा में मिल जाती है। ये कण नाक के अंदर पहुंचकर उसे परेशान करते हैं। ऐसे में शरीर इन्हें बाहर निकालने के लिए छींक का सहारा लेता है। इसलिए सफाई के दौरान कुछ छींकें आना शरीर की एक सामान्य प्रतिक्रिया मानी जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या Google पर बीमारी पढ़ने से Anxiety बढ़ सकती है? डॉक्टर से जानिए क्या है साइबरकोंड्रिया
हर बार छींक आए तो वजह एलर्जी भी हो सकती है
अगर हर बार सफाई करते ही छींकें शुरू हो जाती हैं, तो इसके पीछे धूल से एलर्जी हो सकती है। डॉक्टर बताते हैं कि घर में गद्दों, तकियों, कालीन और पर्दों में बहुत छोटे-छोटे कीट रहते हैं, जिन्हें हम आंखों से नहीं देख सकते। सफाई के दौरान इनके कण हवा में फैल जाते हैं और कुछ लोगों में एलर्जी की परेशानी शुरू हो जाती है। ऐसे लोगों को बार-बार छींक आना, नाक बहना, नाक बंद होना, आंखों में खुजली या पानी आना जैसी दिक्कत हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भरेंगी इन 5 राशि वालों के घर की तिजोरियां, इस हफ्ते महालाभ को रहें तैयार
कब समझें कि परेशानी सामान्य नहीं है
अगर सफाई खत्म होने के थोड़ी देर बाद छींकें अपने आप बंद हो जाएं, तो आमतौर पर चिंता की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर कई दिनों तक नाक बंद रहे, बार-बार गाढ़ा स्राव आए, चेहरे में भारीपन या दर्द महसूस हो, सूंघने की ताकत कम होने लगे या सांस लेने में दिक्कत होने लगे, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। डॉ. शास्त्री कहते हैं कि ऐसे मामलों में डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है, क्योंकि इसके पीछे नाक या सांस से जुड़ी दूसरी समस्या भी हो सकती है।
सफाई करते समय इन आसान बातों का रखें ध्यान
सफाई करते समय अच्छी तरह फिट होने वाला मास्क पहनें, ताकि धूल सीधे नाक में न जाए। धूल झाड़ने के लिए सूखे कपड़े की बजाय हल्के गीले कपड़े का इस्तेमाल करें। अगर वैक्यूम क्लीनर इस्तेमाल करते हैं तो बेहतर होगा कि उसमें अच्छा फिल्टर लगा हो। बिस्तर, तकिए के कवर और चादर को समय-समय पर गर्म पानी से धोते रहें। घर में नमी बहुत ज्यादा न रहने दें और सफाई करते समय खिड़कियां खोल दें, ताकि ताजी हवा आती रहे और धूल जल्दी बाहर निकल सके।
यह भी रखें ध्यान
घर की सफाई करते समय छींक आना ज्यादातर लोगों में एक सामान्य बात होती है और यह शरीर का खुद को धूल से बचाने का तरीका है। लेकिन अगर यह परेशानी बार-बार हो, लंबे समय तक बनी रहे या इसके साथ सांस लेने में तकलीफ और नाक की दूसरी समस्याएं भी जुड़ जाएं, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं। डॉ. शास्त्री के अनुसार, सही समय पर वजह का पता चल जाए तो इलाज आसान हो जाता है और आगे चलकर बड़ी परेशानी से भी बचा जा सकता है।
