दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू के खिताब जीतने का इंतजार फिर अधूरा रह गया। फ्रेंच ओपन के फाइनल में पीवी सिंधू का सामना दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की ऐन से यंग से था। सिंधू ने इस टीम को कड़ी टक्कर दी लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 31 साल की भारतीय खिलाड़ी सिंधू को 21-16, 11-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक चले इस मुकाबले में 11वें रैंक की खिलाड़ी सिंधू अपने पहले गेम के प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाईं। सिंधू ने जुलाई महीने में अपना आखिरी खिताब जापान ओपन जीता था। यह 11वां मौका है जब भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधू को ऐन से यंग से हार का सामना करना पड़ा है।
ऐसा केवल दूसरी बार हुआ है जब सिंधु ऐन से यंग से कोई गेम जीतने में कामयाब रही। पिछली बार 2023 बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के क्वार्टर-फ़ाइनल में ऐसा हुआ था, जहां भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम जीता था, जिसके बाद दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने वापसी करते हुए 18-21, 21-5, 21-9 से जीत हासिल की थी।
इस जीत के साथ ऐन से यंग की जीत का सिलसिला 50 मैचों तक पहुंच गया। दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी का अब 2026 में जीत-हार का रिकॉर्ड 66-1 है, और फ्रेंच ओपन इस सीज़न का उनका 10वां और टूर्नामेंट का चौथा टाइटल है। सिंधू के रनर-अप रहने से फ्रेंच ओपन में महिला सिंगल्स चैंपियन के लिए भारत का इंतजार भी जारी रहा। अपर्णा पोपट 1998 में यह टाइटल जीतने वाली आखिरी भारतीय महिला थीं, जबकि साइना नेहवाल 2012 में दूसरे स्थान पर रहीं।
टूर्नामेंट में भारत की सबसे हालिया चैंपियन पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी थे, जिन्होंने 2024 में खिताब जीता था। यह भारतीय जोड़ी इस साल शुरुआती राउंड में ही बाहर हो गई थी।
हार के बाद सिंधू ने कहा 'मैंने हर प्वाइंट के लिए लड़ाई की, मैं पहला गेम जीत सकी और मैं इससे खुश थी। लेकिन दूसरा गेम, 5-5 या 5-4 तक बराबर था। उसके बाद, उसने बढ़त बनाई और फिर बढ़त बनाए रखी।"
