लाइफस्टाइल

ब्रेड से बनाएं बाजार जैसी स्वादिष्ट दही वड़ा और पापड़ी चाट, यहां देखें शेफ रणवीर ब्रार की आसान रेसिपी

शेफ रणवीर ब्रार की इस खास रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे ब्रेड का इस्तेमाल तीन अलग-अलग तरीकों से करके पूरी चाट तैयार करते हैं।

Image

ब्रेड से बनाएं बाजार जैसी स्वादिष्ट दही वड़ा और पापड़ी चाट, शेफ रणवीर ब्रार की आसान रेसिपी (Photo: Ranveer Brar/Youtube)

चटपटी चाट का नाम सुनते ही किसके मुंह में पानी नहीं आता? शाम के वक्त कुछ स्वादिष्ट खाने का मन हो और बाजार जाने का समय न हो, तो अक्सर कन्फ्यूजन हो जाता है। वैसे क्या आपने कभी सोचा है कि आपके घर में रखी साधारण सी ब्रेड से भी एक बेहतरीन और लाजवाब चाट तैयार की जा सकती है? मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रणवीर ब्रार ने एक ऐसी ही शानदार रेसिपी शेयर की है, जिससे आप सिर्फ आधे घंटे में ब्रेड की मदद से एकदम मुँह में घुल जाने वाले दही वड़े और क्रिस्पी पापड़ी चाट बना सकते हैं। आइए जानते हैं इस अनोखी और आसान रेसिपी के बारे में।

ब्रेड से क्या-क्या बनता है इस रेसिपी में?

शेफ रणवीर ब्रार की इस खास रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे ब्रेड का इस्तेमाल तीन अलग-अलग तरीकों से करके पूरी चाट तैयार करते हैं:

ब्रेड दही वड़े: ब्रेड को हल्का सा गीला करके उसके अंदर दही लगाकर टिक्की की शेप दी जाती है और सुनहरा होने तक तला जाता है।

मसाला पापड़ी: दो ब्रेड स्लाइस के बीच दही और हरी चटनी लगाकर, मसाले छिड़ककर उसे सैंडविच की तरह बेलकर कुरकुरा तला जाता है।

फ्राइड ब्रेड मसाला: ब्रेड के बचे हुए किनारों को क्रिस्पी तलकर ऊपर से डालने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

बनाने की आसान विधि

ब्रेड दही वड़े ऐसे बनाएं: सबसे पहले ब्रेड के स्लाइस लें और उन्हें थोड़े से पानी में हल्का सा भिगोकर बीच में थोड़ा सा फेंटा हुआ दही लगाएं। अब इन्हें धीरे से दबाते हुए गोल वड़े या टिक्की का आकार दें, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए। अब एक कढ़ाई में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें और इन ब्रेड वड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। इसके बाद इन्हें इमली की खट्टी-मीठी चटनी, पानी, भुना जीरा पाउडर, देगी मिर्च और नमक के मिश्रण में 5 से 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें।

मसाला ब्रेड पापड़ी तैयार करें: एक ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी और दही लगाएं, जबकि दूसरी ब्रेड पर देगी मिर्च, हींग और नमक छिड़कें। दोनों को आपस में चिपकाकर सैंडविच की तरह बंद करें और बेलन से हल्का सा बेल लें ताकि किनारे अच्छी तरह सील हो जाएं। अब इन्हें टुकड़ों में काटकर गरम तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।

चाट को सर्व करने का तरीका: एक प्लेट में सबसे पहले घर पर बनी क्रिस्पी मसाला पापड़ी रखें। इसके ऊपर फेंटा हुआ गाढ़ा दही, हरी चटनी, भीगे हुए सॉफ्ट ब्रेड दही वड़े और इमली की खट्टी-मीठी चटनी डालें। ऊपर से थोड़ा और दही, तले हुए ब्रेड के किनारे (मसाला क्रम्ब्स), अनार के दाने, बारीक सेव और घर का बना भुना हुआ चाट मसाला छिड़ककर तुरंत परोसें।

यह रेसिपी न केवल झटपट बन जाती है, बल्कि इसका स्वाद बाजार की पारंपरिक चाट को भी मात देता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article