शहर

महाराष्ट्र में भतीजे की अनोखी करतूत: चाचा के गहने चुराए, थार खरीदी फिर पूजा में उन्हीं को बुलाया, ऐसे हुआ खुलासा

कोल्हापुर जिले के पन्हाला तहसील में स्थित सातवे गांव से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 19 वर्षीय भतीजे ने अपने ही चचेरे चाचा के घर से 15 तोले सोने के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद चोरी के पैसों से नई 'महिंद्रा थार' गाड़ी खरीदी और विडंबना देखिए कि उसी गाड़ी की पूजा के लिए उसने अपने पीड़ित चाचा को ही न्योता दे दिया।

Image

चाचा के गहने चुराकर खरीदी थार। (फोटो- सोशल मीडिया)

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी ने अपने ही रिश्तेदार के घर से सोने के गहने चुराए और उनसे मिली रकम से महंगी गाड़ी खरीद ली। हैरानी की बात यह रही कि नई महिंद्रा थार की पूजा के लिए उसने चोरी के शिकार अपने चचेरे चाचा को भी आमंत्रित कर लिया। कोडोली पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय युवक और चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है।

यह मामला कोल्हापुर जिले की पन्हाला तहसील के सातवे गांव का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान समर पोपट चव्हाण के रूप में हुई है, जबकि शिकायतकर्ता उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण हैं। दोनों के घर गांव में आसपास ही हैं।

गहने चुराकर सुनार को 10 लाख रुपये में बेचे

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, करीब एक महीने पहले समर ने मौका देखकर अपने चाचा के घर से लगभग 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। इसके बाद उसने गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे की मदद से इन गहनों को कथित तौर पर 10 लाख रुपये में बेच दिया। गहने बेचने से मिली रकम से समर ने नई महिंद्रा थार खरीद ली। अचानक महंगी गाड़ी खरीदने के बाद गांव में उसकी चर्चा होने लगी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इस खरीदारी के पीछे चोरी के गहनों से मिली रकम हो सकती है।

थार की पूजा के लिए चाचा को ही दे दिया न्योता

मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब समर ने अपनी नई गाड़ी की पूजा रखी और उसमें शामिल होने के लिए अपने चाचा उमेश चव्हाण को भी बुलाया। पूजा में जाने की तैयारी के दौरान उमेश ने जब पहनने के लिए अपने सोने के गहने तलाशे, तो वे घर से गायब मिले।

परिवार ने जब गहनों की तलाश की, तो पता चला कि उमेश और उनकी पत्नी के जेवर नहीं थे, जबकि घर में रखे दादी के गहने सुरक्षित थे। इस बात ने परिवार का शक बढ़ा दिया। उन्हें आशंका हुई कि चोरी के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे घर और वहां रखे सामान की जानकारी थी।

शिकायत के बाद पुलिस जांच में खुला मामला

गहने नहीं मिलने पर उमेश चव्हाण ने कोडोली पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान समर की अचानक महंगी गाड़ी खरीदने की बात पुलिस के संदेह के दायरे में आई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान समर ने चाचा के घर से गहने चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने कथित चोरी में शामिल समर चव्हाण और गहने खरीदने वाले सुनार संग्राम मोरे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस मामले में कार्रवाई प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस हवलदार युवराज पाटील और बाबासो कीटे के साथ पुलिसकर्मी महेश कदम, अमोल चव्हाण और महेश शिंदे की टीम ने जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई में हिस्सा लिया। अपने ही रिश्तेदार के घर से गहने चुराने और फिर उन्हीं को नई गाड़ी की पूजा में बुलाने की इस घटना की सातवे गांव में चर्चा हो रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article