त्योहारों का मतलब अपनों के साथ खुशियां बांटना, मेल-जोल बढ़ाना और सुकून के पल बिताना होता है। लेकिन आजकल त्योहार असली खुशी देने के बजाय एक प्रतियोगिता जैसे लगने लगे हैं। महंगी गिफ़्टिंग, घर की सजावट और सोशल मीडिया पर परफेक्ट तस्वीरें शेयर करने की होड़ ने त्योहारों के असली मायने ही बदल दिए हैं। मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, 'लोग क्या कहेंगे' की इस मानसिकता ने फेस्टिव सीजन को तनाव और दिखावे का जरिया बना दिया है।
पहले लोग त्योहारों पर दिल से मिलते थे, लेकिन अब सब कुछ स्टेटस सिंबल बन गया है। हर कोई पड़ोसी, रिश्तेदार या कजिन से बेहतर दिखने की होड़ में लगा रहता है। इस दिखावे के चक्कर में लोग अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च कर देते हैं और मानसिक शांति खो बैठते हैं।
सोशल मीडिया ने इस दबाव को और ज्यादा बढ़ा दिया है। हर तरफ सजे-धजे घर, महंगे पकवान और एडिटेड रील्स की बाढ़ आ जाती है। कोई भी यह नहीं दिखाता कि कैमरे के पीछे कितनी थकान, बजट की टेंशन या घरवालों के बीच की खींचातान छिपी होती है। जब लोग दूसरों की इन झूठी चमक-दमक भरी जिंदगी से अपनी असलियत की तुलना करते हैं, तो वे हीन भावना का शिकार हो जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सद्गुरु से सीखें जीवन जीने का असली मंत्र
इस पूरे दिखावे की सबसे बड़ी कीमत अक्सर घर की महिलाएं चुकाती हैं। मेहमानों को खुश रखने, खाना बनाने, घर साफ करने और हर रस्म को परफेक्ट तरीके से निभाने की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर आ जाती है। यह अदृश्य मेहनत साल-दर-साल बिना किसी तारीफ के चलती रहती है, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह थक जाती हैं।
इसके अलावा, इन त्योहारों का एक छिपा हुआ आर्थिक बोझ भी होता है। महंगे कपड़े, दिखावे के तोहफे और पार्टियों का खर्च कई परिवारों का बजट बिगाड़ देता है। लोग अपनी जेब से बाहर जाकर खर्च करते हैं ताकि समाज में उनकी नाक ऊंची रह सके। कई बार पारिवारिक मेल-जोल में पुरानी बातें या ताने भी सामने आ जाते हैं, जिससे माहौल और खराब हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: त्योहार पर घर से दूर रहना क्यों बन जाता है तनाव का कारण
इसका मतलब यह नहीं है कि हम त्योहार मनाना छोड़ दें। जरूरत इस बात की है कि हम दिखावे के इस दबाव से बाहर निकलें। यह समझें कि त्योहार किसी को इंप्रेस करने या शो-ऑफ करने के लिए नहीं होते, बल्कि अपनों के साथ सुकून के पल बिताने के लिए होते हैं। साल बीत जाने के बाद किसी को याद नहीं रहता कि किसके घर की लाइट सबसे महंगी थी या किसने कितना बड़ा गिफ्ट दिया था। लोग सिर्फ वही याद रखते हैं कि किसने उनके साथ बैठकर दिल से दो प्यार भरे पल बिताए थे।
