शहर

महाराष्ट्र के जलगांव में RSS रूट मार्च के दौरान पसरा तनाव, सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

RSS Route March: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में आरएसएस के रूट मार्च के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

Image

जलगांव में आरएसएस रूट मार्च के दौरान पसरा तनाव

Photo : PTI

RSS Route March: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रूट मार्च के दौरान पत्थरबाजी के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि जलगांव जिले के किंगगांव में आरएसएस के रूट मार्च का विरोध कर रहा एक ग्रुप सड़क पर बैठ गया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

इलाके में सुरक्षाबल तैनात

समाचार एजेंसी एएनआई/पीटीआई के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

जलगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संदीप गावित ने बताया कि यावल पुलिस थाना क्षेत्र के किंगगांव में आरएसएस का रूट मार्च निकाला जा रहा था। इसी दौरान, एक ग्रुप ने रूट मार्च का विरोध किया और सड़क पर बैठ गया।

उन्होंने बताया, ''सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (SP) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, उनके सड़क से नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, ताकि रास्ता खाली कराया जा सके और रूट मार्च आगे बढ़ सके।''

उन्होंने बताया कि गांव में हालात सामान्य हो गए हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस बल को गांव में तैनात किया गया है। अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की जानकारी सीधे पुलिस को देने की अपील की है।

हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

एएसपी गावित ने आगे बताया कि रूट मार्च को रोकने की कोशिश कर रहे कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया। अभी पुलिस थाने में उनके खिलाफ कार्रवाई चल रही है। हालांकि, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस बल अभी किंगगांव में मौजूद हैं। हम थोड़ी देर में रूट मार्च करेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article