क्रिकेट

अहमदाबाद को मिली सिनियर वेटलिफ्टिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2029 की मेजबानी

गुजरात का अहमदाबाद शहर 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। ये ऐलान आईडब्ल्यूएफ ने रविवार को चीन के निंग्बो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद किया।

Image

भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप 2029

नई दिल्ली: गुजरात का अहमदाबाद शहर 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इस खेल की अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईडब्ल्यूएफ) ने रविवार को चीन के निंग्बो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद इसकी घोषणा की। इस तरह भारत में पहली बार सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। आईडब्ल्यूएफ ने अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में 2029 और 2030 की सीनियर विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए मेजबान शहरों का चयन किया। वर्ष 2030 की प्रतियोगिता रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित की जाएगी।

कोसोवो को मिली 2028 की विश्व युवा चैंपियनशिप की मेजबानी

आईडब्ल्यूएफ के कार्यकारी बोर्ड ने 2028 की विश्व युवा चैंपियनशिप की मेजबानी कोसोवो के प्रिश्टिना और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की मेजबानी वेनेजुएला की राजधानी काराकास को सौंपने का भी फैसला किया। आईडब्ल्यूएफ के महासचिव जोस क्विनोनेस ने कार्यकारी बोर्ड के मतदान के बाद कहा,'हमें जो भी मेजबानी के प्रस्ताव मिले, वे सभी उत्कृष्ट थे। हमें पूरा विश्वास है कि आपके संबंधित देशों में होने वाली चैंपियनशिप बेहद सफल रहेंगी।'

पहली बार भारत करेगा वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी

उन्होंने कहा,'यह भी उल्लेखनीय है कि इन चार में से तीन देश कोसोवो, वेनेजुएला और भारत पहली बार आईडब्ल्यूएफ की किसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करेंगे। यह दर्शाता है कि हमारा खेल दुनियाभर में विस्तार कर रहा है और कई देशों के लिए हमारी प्रतियोगिताओं की मेजबानी करना बेहद आकर्षक है।'

अहमदाबाद करेगा 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी

आईडब्ल्यूएफ ने कहा कि उसने आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के कैलेंडर को व्यवस्थित और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक साथ चार विश्व चैंपियनशिप के मेजबान देशों को चुनने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अहमदाबाद 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की भी मेजबानी करेगा। इसके अलावा भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी दावेदारी कर रहा है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article