Homemade Pasta Recipe In Hindi: आजकल पास्ता और चाउमीन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के पसंदीदा फूड बन चुके हैं। हालांकि इनमें अक्सर मैदा का इस्तेमाल होता है, जिसे रोजाना खाना सेहत के लिए सही नहीं माना जाता। ऐसे में अगर आप कुछ टेस्टी लेकिन थोड़ा हेल्दी बनाना चाहते हैं तो चावल के आटे से बना यह खास पास्ता एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यूट्यूबर Bristi Kumari ने अपने चैनल Home Kitchen पर शेयर की गई खास वीडियो में इस पास्ता की रेसिपी बताई गई है। यह डिश स्वाद में शानदार होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है। खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री लगभग हर घर में आसानी से मिल जाती है।
चावल के आटे से ऐसे बनाएं हेल्दी पास्ता
इस रेसिपी की शुरुआत चावल के आटे से होती है। सबसे पहले एक पैन में लगभग एक कप पानी गर्म करें। इसमें आधा छोटा चम्मच नमक और थोड़ा सा तेल डाल दें। जब पानी अच्छी तरह उबलने लगे तो उसमें एक कप चावल का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें, ताकि आटा पानी में अच्छी तरह मिल जाए। कुछ ही मिनटों में यह मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। जब आटा अच्छी तरह पककर एकसार हो जाए तो गैस बंद कर दें और पैन को ढककर कुछ देर के लिए रख दें, ताकि मिश्रण थोड़ा ठंडा होकर सेट हो सके।
आटे को गूंदकर पास्ता तैयार करें
जब आटा थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसे हाथों से अच्छी तरह मसलते हुए चिकना बना लें। करीब 2 से 3 मिनट तक गूंथने से आटा मुलायम और स्मूद हो जाता है।अब इस आटे से छोटे-छोटे टुकड़े बनाकर पास्ता का आकार दें। आप चाहें तो इसे लंबा, गोल या किसी भी मनपसंद शेप में बना सकते हैं। यह तरीका काफी हद तक पारंपरिक दाल-पिट्ठी बनाने की प्रक्रिया जैसा ही होता है।
सब्जियों के साथ तैयार करें मसालेदार ग्रेवी
अब पास्ता के लिए एक स्वादिष्ट ग्रेवी तैयार करें। इसके लिए एक पैन में थोड़ा सा तेल और एक चम्मच बटर डालकर गर्म करें। फिर इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सा भून लें, जिससे खुशबू आने लगे। इसके बाद बारीक कटे प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। जब सब्जियां नरम हो जाएं तो इसमें नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें। स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए इसमें चिली सॉस, टोमैटो केचप और थोड़ा पिज्जा सीजनिंग भी मिला सकते हैं।
ग्रेवी में डालकर पकाएं पास्ता
अब तैयार मसाले में करीब डेढ़ से दो कप पानी डालकर उबाल आने दें। जब पानी उबलने लगे तो इसमें बनाए हुए चावल के पास्ता डाल दें। पास्ता डालने के बाद इसे हल्के हाथ से मिलाएं और लगभग 4 से 5 मिनट तक पकने दें। कुछ ही समय में पास्ता अच्छी तरह पक जाएगा और ग्रेवी भी हल्की गाढ़ी हो जाएगी।
तैयार है हेल्दी और टेस्टी पास्ता
जब पास्ता पूरी तरह पक जाए तो ऊपर से हरा धनिया या हरे प्याज के पत्ते डालकर इसे गार्निश करें। इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। यह रेसिपी स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ हेल्दी भी है, क्योंकि इसमें मैदा का इस्तेमाल नहीं किया जाता। अगर चाहें तो इसमें गाजर, बीन्स, मटर या स्वीट कॉर्न जैसी सब्जियां भी डाल सकते हैं। इस तरह चावल के आटे से बना यह देसी स्टाइल पास्ता उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है जो स्वाद के साथ-साथ हेल्दी खाने को भी प्राथमिकता देते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध फूड यूट्यूबर ब्रिष्टि कुमारी के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
