Hair Fall Patterns And Health: बाल झड़ना आजकल बहुत आम समस्या बन गया है। अक्सर लोग इसका दोष शैंपू, तेल या पानी को दे देते हैं, लेकिन हर बार वजह यही नहीं होती। कई बार बालों का झड़ना शरीर के अंदर चल रही किसी कमी या गड़बड़ी का संकेत भी हो सकता है। हेल्थ इंफ्लुएंसर और रजिस्टर्ड डाइटिशियन गरिमा गोयल के अनुसार, बाल किस तरह और किस जगह से झड़ रहे हैं, इससे सेहत के बारे में कई अहम बातें पता चल सकती हैं। इसलिए सिर्फ हेयर ऑयल बदलने से काम नहीं चलेगा, बल्कि असली कारण को समझना जरूरी है। जानिए बाल आपकी सेहत के बारे में क्या बताते हैं (hair fall health signs)।
सिर के ऊपर से बाल झड़ना
अगर बाल सिर के ऊपरी हिस्से से पतले हो रहे हैं, तो इसके पीछे हार्मोन से जुड़ी समस्या हो सकती है। महिलाओं में यह अक्सर PCOS जैसी स्थिति का संकेत माना जाता है।
पूरे सिर में बाल कम होना
जब बाल किसी एक जगह से नहीं बल्कि पूरे सिर में पतले होने लगें, तो शरीर में आयरन की कमी या थायरॉयड की समस्या इसकी वजह हो सकती है।
बाल झड़ना और हर समय थकान
अगर हेयरफॉल के साथ कमजोरी, चक्कर या हाथ-पैर ठंडे रहने की शिकायत भी है, तो यह खून की कमी या विटामिन B12 की कमी का संकेत हो सकता है।
पीछे जाती हेयरलाइन
महिलाओं में माथे के पास की हेयरलाइन धीरे-धीरे पीछे जाने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह हार्मोनल असंतुलन की तरफ इशारा कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके, ज्यादातर महिलाएं करती हैं ये गलती
डिलीवरी के बाद हेयरफॉल
बच्चे के जन्म के कुछ महीनों बाद अचानक ज्यादा बाल झड़ना आम बात है। गरिमा गोयल बताती हैं कि यह शरीर में हार्मोन के बदलाव के कारण होता है और ज्यादातर मामलों में समय के साथ ठीक हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या डार्क चॉकलेट के साथ ब्लैक कॉफी पीने से तेजी से घटता है वजन, एक्सपर्ट से जानिए पूरी सच्चाई
अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ना
अगर कुछ ही दिनों में सामान्य से कहीं ज्यादा बाल गिरने लगें, तो इसकी वजह ज्यादा तनाव, सख्त डाइट या हाल की कोई बीमारी हो सकती है।
रूखे और टूटते बाल
जब बाल जड़ से नहीं गिरते बल्कि बीच से टूटने लगते हैं, तो शरीर में प्रोटीन या जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है।
बाल झड़ना और मुंहासे
अगर बाल झड़ने के साथ चेहरे पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं और पीरियड्स भी नियमित नहीं हैं, तो इसके पीछे हार्मोनल गड़बड़ी हो सकती है।
वजन बढ़ना और हेयरफॉल
बाल झड़ने के साथ अगर वजन बढ़ रहा है और हर समय सुस्ती महसूस होती है, तो थायरॉयड की जांच करवाना फायदेमंद हो सकता है।
पैच में बाल झड़ना
अगर सिर में गोल-गोल जगहों से बाल गायब होने लगें, तो यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
बालों का झड़ना सिर्फ सुंदरता का नहीं, बल्कि सेहत का भी मामला है। इसलिए बार-बार हेयरफॉल हो रहा हो, तो केवल तेल और शैंपू बदलने के बजाय उसकी असली वजह जानने की कोशिश करें। सही कारण का पता चल जाए, तो बालों और सेहत दोनों को बेहतर बनाया जा सकता है।
