Gur Storage Tips: गुड़ भारतीय रसोई का ऐसा हिस्सा है, जो सिर्फ स्वाद ही नहीं बल्कि सेहत का भी खजाना माना जाता है। सर्दियों में इसका सेवन खूब किया जाता है, लेकिन जैसे ही गर्मी बढ़ती है, गुड़ को संभालकर रखना एक चुनौती बन जाता है। नमी और तापमान बढ़ने के कारण गुड़ पिघलने लगता है, चिपचिपा हो जाता है या फिर उसमें फफूंदी तक लग जाती है। ऐसे में कई लोग मजबूरी में गुड़ का इस्तेमाल कम कर देते हैं। लेकिन गांवों में आज भी कुछ ऐसे आसान और कारगर देसी तरीके अपनाए जाते हैं, जिनसे गुड़ महीनों तक ताज़ा और सूखा बना रहता है।
गर्मी में गुड़ क्यों खराब हो जाता है
गर्मियों में हवा में नमी (humidity) बढ़ जाती है, जो गुड़ को जल्दी खराब करने का सबसे बड़ा कारण है। गुड़ की प्रकृति ऐसी होती है कि वह वातावरण की नमी को तेजी से सोख लेता है। यही वजह है कि यह नरम, चिपचिपा या गीला हो जाता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो इसमें फफूंदी भी लग सकती है, जिससे इसका स्वाद और गुणवत्ता दोनों खराब हो जाते हैं।
गर्मी में गुड़ को ताजा कैसे रखें
गुड़ को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की शुरुआत उसकी खरीद से ही होती है। हमेशा सख्त, सूखा और साफ गुड़ ही खरीदें। जिस गुड़ में नमी, दरारें या सफेद दाग दिखें, उसे लेने से बचें। अगर घर लाने के बाद गुड़ थोड़ा नम लगे, तो उसे हल्की धूप में थोड़ी देर सुखा लें, ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए।
गुड़ को पेपर में क्यों लपेटते हैं
गांवों में गुड़ को सीधे डिब्बे में नहीं रखा जाता, बल्कि पहले उसे अखबार या ब्राउन पेपर में अच्छे से लपेटा जाता है। यह तरीका बेहद सरल है, लेकिन काफी असरदार भी। पेपर गुड़ की नमी को सोख लेता है और उसे सूखा बनाए रखने में मदद करता है।
गुड़ को सुतली से बांधना क्यों जरूरी है
पेपर में लपेटने के बाद गुड़ को सुतली या मजबूत धागे से कसकर बांध दिया जाता है। इससे हवा अंदर नहीं जा पाती और गुड़ एक तरह से सील हो जाता है। यह छोटा सा कदम गुड़ को लंबे समय तक खराब होने से बचाता है।
गुड को अनाज में दबाकर क्यों रखते हैं
गांवों का सबसे पुराना और भरोसेमंद तरीका है गुड़ को अनाज के बीच में दबाकर रखना। इसके लिए एक साफ ड्रम या बोरी में गेहूं या चावल भर लें और बीच में पेपर में लिपटा गुड़ रख दें। ऊपर से फिर अनाज डालकर उसे पूरी तरह ढक दें। अनाज प्राकृतिक रूप से नमी को सोख लेता है और गुड़ को एक सूखा वातावरण देता है। यही कारण है कि यह तरीका महीनों तक गुड़ को सुरक्षित रख सकता है।
गर्मी में गुड़ कहां रखना चाहिए
गुड़ को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर ही रखें। इसे रसोई के सिंक, गैस के पास या बाथरूम जैसी नमी वाली जगहों से दूर रखें। घर का स्टोर रूम या कोई ऊंची और सूखी अलमारी गुड़ को सुरक्षित रखने के लिए सबसे बेहतर होती है।
सेहत के लिए भी है जरूरी
गुड़ सिर्फ मिठास का साधन नहीं, बल्कि यह आयरन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह पाचन को बेहतर बनाता है और शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है। लेकिन अगर गुड़ खराब हो जाए, तो यह फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए जरूरी है कि इसे सही तरीके से स्टोर किया जाए। ऐसे में गांव के ये आसान देसी नुस्खे न सिर्फ आपके गुड़ को खराब होने से बचाएंगे, बल्कि उसके स्वाद और गुणों को भी लंबे समय तक बनाए रखेंगे।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
