लाइफस्टाइल

क्या सफेद बाल उखाड़ने से कई नए सफेद बाल आ जाते हैं? जानिए मिथक है या हकीकत

सिर में उगे सफेद बाल उखाड़ने से और ज्यादा सफेद बाल उगते हैं, ये बात आपने जरूर सुनी होगी। इसमें सच्चाई है या ये सिर्फ एक मिथक है? आइए आज हम आपको इस दावे के बारे में विस्तार से बताएंगे।

Image

सफेद बालों से जुड़े मिथक और फैक्ट

Grey Hair: आईने में अचानक एक सफेद बाल दिखाई दे जाए तो ज्यादातर लोग बिना देर किए उसे उखाड़ देते हैं। लेकिन इसके साथ ही एक बात अक्सर सुनने को मिलती है कि एक सफेद बाल उखाड़ोगे तो उसकी जगह कई और सफेद बाल आ जाएंगे। जी हां यह मान्यता सालों से लोगों के बीच चली आ रही है। लेकिन आज हम आपको बताएंगे कि आखिर इसमें कितनी सच्चाई है और क्या सच में एक सफेद बाल उखाड़ने (Plucking White Hair) से कई नए सफेद बाल उग जाते हैं? आइए जानते हैं इस आम धारणा के पीछे छुपा है कोई वैज्ञानिक सच या केवल मिथक है ये बात?

जानिए क्या कहता है विज्ञान

हर बाल अपनी अलग हेयर फॉलिकल (Hair Follicle) से निकलता है और एक फॉलिकल से सामान्यतः केवल एक ही बाल विकसित होता है। यदि किसी बाल में मेलेनिन (Melanin) बनने की प्रक्रिया कम हो गई है, तो वह बाल सफेद दिखाई देता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार एक सफेद बाल उखाड़ने से उसकी जगह कई नए सफेद बाल नहीं उगते हैं। उस सफेद बाल को उखाड़ने से आसपास के अन्य फॉलिकल प्रभावित नहीं होते हैं। यानी विज्ञान के मुताबिक यह धारणा पूरी तरह मिथक है कि एक सफेद बाल उखाड़ने से कई सफेद बाल निकल आते हैं।

क्यों प्रचलित हुआ ये मिथक

असल में उम्र बढ़ने के साथ शरीर में मेलेनिन का उत्पादन धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसी दौरान एक बाल सफेद होने पर काफी दिनों बाद दिखाई देता है। जबकि आसपास के अन्य बाल भी प्राकृतिक रूप से सफेद होने लगते हैं। चूंकि यह बदलाव एक साथ दिखाई देता है, इसलिए लोगों को लगता है कि बाल उखाड़ने की वजह से सफेद बालों की संख्या बढ़ गई है, जबकि सच में ऐसा नहीं होता है।

बाल उखाड़ना क्यों हो सकता है नुकसानदायक

हालांकि सफेद बाल को उखाड़ने से नए सफेद बाल नहीं आते, लेकिन बार-बार ऐसा करना आपके बालों की सेहत के लिए ठीक नहीं है। लगातार बालों को उखाड़ने से हेयर फॉलिकल कमजोर हो सकते हैं। इससे उस जगह पर बाल पतले होने लगते हैं या दोबारा बाल उगना भी बंद हो सकता है। इसके साथ ही उस जगह त्वचा में जलन, सूजन या संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।

बालों के जल्दी सफेद होने की वजह

यदि कम उम्र में ही आपके बाल सफेद होने लगे हैं तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। जिसमें आनुवंशिकता (Genetics), तनाव, विटामिन B12, आयरन या कॉपर जैसे पोषक तत्वों की कमी, धूम्रपान, और कुछ हेल्थ प्रॉब्लम शामिल हैं। तो याद रखें कि सफेद बाल दिखने पर केवल बाल उखाड़ना समाधान नहीं है, बल्कि इसके मूल कारण को समझना जरूरी होता है। जिससे इसका परमानेंट इलाज किया जा सके।

सफेद बाल उखाड़ने से कई नए सफेद बाल आने की बात सिर्फ एक मिथक है। विज्ञान के अनुसार एक बाल उखाड़ने से आसपास के बालों का रंग नहीं बदलता है। हालांकि बार-बार बाल उखाड़ने से हेयर फॉलिकल को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए। सफेद बालों से बचाव के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेकर बालों की बेहतर देखभाल की जा सकती है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article