गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा जिस फल का सेवन किया जाता है वो है आम। बाजार में कई किस्म में आम मिलते हैं, जिसका लोग खूब लुत्फ उठाते हैं। लेकिन आम के साथ एक समस्या भी जुड़ी है। दरअसल आम खाने के बाद चेहरे पर दाने निकल जाते हैं। अब लोगों के मन में ये सवाल है कि क्या आम खाने से पिंपल्स होते हैं? तो आपको बता दे कि ऐसा जरूरी नहीं है। ये स्किन की टाइप पर निर्भर करता है। आम खाने के बाद उन लोगों को पिंपल का खतरा सबसे ज्यादा रहता है जिनकी स्किन ऑयली है। ऐसे में अगर आपको आम खाने के बाद चेहरे पर पिंपल हो रहे हैं तो जान लें उसके पीछे के कारण।
आम खाने पर क्यों होते हैं पिंपल्स
हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स
आम में नेचुरल शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) काफी ज्यादा होता है। ग्लाइसेमिक इंडेक्स यह मापता है कि कोई भोजन कितनी जल्दी रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) के स्तर को बढ़ाता है। जब आप उच्च जीआई वाले खाद्य पदार्थ खाते हैं, तो रक्त शर्करा तेजी से बढ़ता है। इससे शरीर में इंसुलिन का उत्पादन बढ़ जाता है। बढ़ा हुआ इंसुलिन सीबम के उत्पादन को बढ़ा सकता है, जिससे रोमछिद्र बंद हो सकते हैं और मुहांसे हो सकते हैं।
फाइटिक एसिड
आम में फाइटिक एसिड (Phytic Acid) होता है, जिसके बारे में माना जाता है कि यह शरीर के तापमान को बढ़ा सकता है। आम की तासीर गर्म होती है, जिसका मतलब है कि यह शरीर में गर्मी पैदा करता है। इस बढ़ी हुई गर्मी के कारण कुछ लोगों को त्वचा पर दाने या फुंसी हो सकती है।
एलर्जी या संवेदनशीलता
कुछ लोगों को आम में मौजूद खास एंजाइमों या उरुशिओल (Urushiol) नामक पदार्थ से एलर्जी हो सकती है। उरुशिओल वही पदार्थ है जो पॉइजन आइवी में भी पाया जाता है। आम की बाहरी परत या रस के सीधे संपर्क में आने से खुजली, चकत्ते, छाले भी हो सकते हैं।
कैसे खाएं आम ताकि पिंपल्स न हों?
भिगो कर खाएं
आम को खाने से पहले 30 मिनट से 1 घंटे तक पानी में भिगो दें। इससे उसमें मौजूद अतिरिक्त गर्मी कम हो जाती है। जिसकी वजह से चेहरे पर दाने नहीं निकलते हैं।
संतुलित मात्रा में खाएं
हर चीज़ की तरह आम भी संतुलित मात्रा में ही खाएं। बहुत ज़्यादा आम खाना किसी के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है।
पानी ज़्यादा पिएं
अगर आम खा रहे हैं तो पानी खूब पिएं ताकि शरीर की गर्मी संतुलित रहे।
स्किन की सफाई रखें
अगर आपकी स्किन पहले से ऑयली है, तो आम खाने के बाद स्किन की सफाई का और ध्यान रखें।
