शहर

Jaipur Panchayat Election: 140 पंचायतों में सरपंच-वार्ड पंच के लिए वोटिंग जारी, 1224 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

Jaipur Panchayat Election: जयपुर की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आज यानी सोमवार 16 नवंबर को मतदान हो रहा है। यहां चौथे चरण में 1224 उम्मीदवार मैदान में हैं। नतीजे आज देर रात तक आएंगे।

Image

पंचायत चुनाव के दौरान मतदान के लिए कतार में लगे लोग

Photo : PTI

Jaipur Panchayat Election 2026: राजस्थान के जयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत आज मतदान हो रहा है। आज यानी सोमवार 16 नवंबर को 4 पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। मतदान आज सुबह शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना होगी और देर रात तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।

इस चरण में कुल 4 लाख, 7 हजार, 280 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें लगभग 2.12 लाख पुरुष और 1.94 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले की 140 ग्राम पंचायतों में 447 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

चौथे चरण में बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1224 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 58 पंचायतें ऐसी हैं, जहां सरपंच पद के लिए 10 या इससे ज्यादा उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कई पंचायतों में उम्मीदवारों की संख्या 15 से 17 तक पहुंच गई है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

बस्सी : विजमुंकदपुरा में सबसे अधिक 17 उम्मीदवार

बस्सी पंचायत समिति की 42 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 361 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 145 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बस्सी की 15 पंचायतों में सरपंच पद के लिए 10 या इससे ज्यादा उम्मीदवार हैं। विजमुंकदपुरा में सबसे ज्यादा 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा बांसखो में 16, हंसमहल में 14 और जटवाड़ा में 13 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जमवारामगढ़ : राहोड़ी और नायला में मुश्किल मुकाबला

जमवारामगढ़ की 42 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 345 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 129 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। कुल 12 पंचायतों में 10 या इससे ज्यादा उम्मीदवार हैं। राहोड़ी में 17, नायला में 16 और खवाराणीजी में 15 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।

आंधी : आधी पंचायतों में 10 से ज्यादा प्रत्याशी

आंधी पंचायत समिति की 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 288 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 98 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। खास बात ये है कि 32 में से 16 पंचायतों में 10 या इससे ज्यादा उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चावंडिया में 17 और बिरासना में 16 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला है।

तूंगा : 24 पंचायतों में 230 उम्मीदवार

तूंगा पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 230 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां 74 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 11 पंचायतों में 10 या इससे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। अनंतपुरा में 16 और तूंगा ग्राम पंचायत में 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

मतदान आज शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद मतगणना के जरिए ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के विजेताओं की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article