लाइफस्टाइल

Clove Growing Tips: हर मौसम का साथी है लौंग, जानें घर पर गमले में उगाने का सबसे सही तरीका क्या है

How to Grow Clove at Home: सकता है कि इसकी पहली फसल मिलने में समय लगे, लेकिन अपने हाथों से उगाए पौधे की खुशी किसी भी बाजार से खरीदे मसाले से कहीं ज्यादा होती है।

Image

घर पर गमले में लौंग का पौधा कैसे लगाएं (Photo: iStock)

Clove Plant Growing Tips: हम भारतीयों की रसोई में लौंग कई तरह से काम में आती है। चाय का स्वाद बढ़ाना हो, पुलाव में खुशबू लानी हो या सर्दी-जुकाम में घरेलू नुस्खा अपनाना हो, लौंग खूब काम आती है। यही वजह है कि अब कई लोग इसे अपने किचन गार्डन में उगाने की कोशिश भी कर रहे हैं। हालांकि, अनुभवी माली बताते हैं कि लौंग कोई ऐसा पौधा नहीं है जो धनिया या पुदीने की तरह कुछ हफ्तों में तैयार हो जाए। इसे सही तापमान, धैर्य और नियमित देखभाल की जरूरत होती है। अगर आप लंबे समय के लिए पौधे तैयार करने का शौक रखते हैं, तो घर में भी लौंग उगा सकते हैं।

ताजे बीज चुनें

माली बताते हैं कि बाजार में मिलने वाली सूखी लौंग से पौधा तैयार नहीं होता। इसके लिए ताजे और जीवित बीज या किसी भरोसेमंद नर्सरी से तैयार पौधा लेना सबसे बेहतर विकल्प है। बीज जितना ताजा होगा, अंकुरण की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी।

कैसी रखें मिट्टी

लौंग के पौधे की जड़ें धीरे-धीरे फैलती हैं, इसलिए शुरुआत में कम से कम 12 से 16 इंच गहरा गमला चुनें। मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जो पानी रोकने के बजाय आसानी से निकाल दे। इसके लिए 40% बगीचे की मिट्टी, 30% कम्पोस्ट और 30% रेत या कोकोपीट मिलाकर मिश्रण तैयार किया जा सकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढें: ऐसे पौधों के कारण भी घर में आती हैं छिपकलियां

हल्की धूप की दें खुराक

बहुत से लोग पौधे को तेज धूप में रख देते हैं, जबकि लौंग का पौधा हल्की धूप या आंशिक छांव में बेहतर बढ़ता है। अगर आपके घर की बालकनी में सुबह की धूप आती है, तो वही जगह इसके लिए उपयुक्त रहेगी।

पानी जरूरत के हिसाब से दें

लौंग को नमी पसंद है, लेकिन गीली मिट्टी बिल्कुल नहीं। इसलिए तभी पानी दें जब ऊपर की मिट्टी सूखी महसूस होने लगे। बरसात के मौसम में विशेष ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, क्योंकि इससे जड़ें सड़ सकती हैं।

जैविक खाद की डोज

हर दो से तीन महीने में गोबर की सड़ी खाद, वर्मीकम्पोस्ट या घर में तैयार ऑर्गेनिक कम्पोस्ट डालने से पौधे को जरूरी पोषण मिलता रहता है। रासायनिक उर्वरकों का ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें।

थोड़ा इंतजार का मजा लिजिए

अनुभवी माली कहते हैं कि लौंग का पौधा तेजी से बढ़ने वाला पौधा नहीं है। इसे विकसित होने और फूल देने में कई साल लग सकते हैं। इसलिए अगर आप तुरंत मसाले के लिए लौंग तोड़ने की उम्मीद कर रहे हैं, तो यह पौधा आपके लिए नहीं है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढें: एलोवेरा प्लांट उगाने का सही तरीका क्या है?

एक पौधा, कई फायदे

लौंग का पौधा सदाबहार होता है और इसकी चमकदार हरी पत्तियां भी आकर्षक लगती हैं। सही देखभाल मिलने पर यह वर्षों तक आपके बगीचे का हिस्सा बना रह सकता है।

अगर आपके पास थोड़ी-सी जगह, थोड़ा धैर्य और पौधों से प्यार है, तो लौंग का पौधा लगाना एक अच्छा अनुभव हो सकता है। हो सकता है कि इसकी पहली फसल मिलने में समय लगे, लेकिन अपने हाथों से उगाए पौधे की खुशी किसी भी बाजार से खरीदे मसाले से कहीं ज्यादा होती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article