लाइफस्टाइल

तीखा या मसालेदार खाना खाते ही क्यों बहने लगती है नाक? जानिए इसके पीछे का विज्ञान

एक्सपर्ट्स के अनुसार, लाल मिर्च, हरी मिर्च या हॉट सॉस जैसी चीजों में कैप्सैसिन नाम का एक खास केमिकल कम्पाउंड पाया जाता है। यही वह तत्व है जो मिर्च को उसका तीखापन और गर्माहट देता है।

Image

जानिए तीखा खाते ही नाक क्यों बहने लगती है (AI Generated and newsroom verified image)

गरमा-गरम और तीखी कढ़ी, चटपटे चाट-पकौड़े या लाल मिर्च से भरपूर कोई भी लजीज व्यंजन देखकर मुंह में पानी आ जाना स्वाभाविक है। वैसे क्या आपने कभी गौर किया है कि जैसे ही आप कोई बेहद तीखी या गर्म मसालेदार चीज खाते हैं, आपकी नाक अचानक बहने लगती है? इसके पीछे एक दिलचस्प वैज्ञानिक वजह छिपी हुई है। आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है।

क्या है गस्टेरी राइनिटिस?

मेडिकल भाषा में तीखा या मसालेदार खाना खाने के बाद नाक बहने की इस स्थिति को गस्टेरी राइनिटिस कहा जाता है। यह नॉन-एलर्जी राइनिटिस का ही एक रूप है, जिसमें कुछ खास तरह के तीखे और मसालेदार खाने के संपर्क में आने पर नाक बहुत ज्यादा मात्रा में पतला बलगम पैदा करने लगती है। एलर्जी की स्थिति में जहां शरीर का इम्यून सिस्टम किसी एलर्जेन पर प्रतिक्रिया देता है, वहीं इस स्थिति में प्रतिक्रिया मुख्य रूप से नसों की उत्तेजना यानी सेंसरी नर्व स्टिम्युलेशन की वजह से होती है।

मिर्च में मौजूद कैप्सैसिन का कमाल

एक्सपर्ट्स के अनुसार, लाल मिर्च, हरी मिर्च या हॉट सॉस जैसी चीजों में कैप्सैसिन नाम का एक खास केमिकल कम्पाउंड पाया जाता है। यही वह तत्व है जो मिर्च को उसका तीखापन और गर्माहट देता है। जब हम कोई तीखी चीज खाते हैं, तो कैप्सैसिन मुंह और अपर रेस्पिरेटरी ट्रैक में मौजूद नसों के सिरों पर स्थित TRPV1 रिसेप्टर्स को सक्रिय कर देता है। ये रिसेप्टर्स आमतौर पर शरीर में गर्मी या किसी भी जलन पैदा करने वाले केमिकल के प्रति प्रतिक्रिया देते हैं।

जब ये रिसेप्टर्स सक्रिय होते हैं, तो वे नर्वस सिस्टम के जरिए दिमाग को सिग्नल भेजते हैं, जिससे हमें तीखेपन और जलन का एहसास होता है। संवेदनशील लोगों में यह सिग्नल नाक की ग्रंथियों को भी उत्तेजित कर देता है, जिससे अचानक नाक से पानी या पतला डिस्चार्ज निकलने लगता है। यह पूरी प्रक्रिया ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम के पैरासिपेथेटिक पाथवे के तहत काम करती है, जो नाक की ग्रंथियों से होने वाले स्राव को नियंत्रित करती है। यही वजह है कि बिना किसी सर्दी-जुकाम के भी सिर्फ तीखा खाने भर से नाक बहने लगती है।

किन चीजों से हो सकती है यह समस्या?

केवल मिर्च ही नहीं, बल्कि तेज राई, काली मिर्च और अन्य तीखे मसाले भी कुछ लोगों में यही प्रतिक्रिया पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा भोजन का अधिक गर्म होना भी नसों को उत्तेजित कर सकता है। हालांकि, यह स्थिति पूरी तरह से हानिरहित है और इसका मतलब यह नहीं है कि आपको मिर्च से कोई एलर्जी है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article