Chhapra Famous Foods: अगर आप बिहार गए जाएं और कोई जोर देकर कहे कि आए हैं तो छपरा भी हो आएं तो इसे नजरअंदाज मत कीजिएगा। ये आपके लिए कोई साधारण सलाह नहीं होगी। ये तो सलाह है बिहारी स्वाद की जन्नत के सैर का। जी हां, छपरा वो दुर्लभ शहर है जहां खाना महज भोजन नहीं, सामूहिक स्मृति है पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही जीवंत विरासत। हर गली में दशकों पुरानी खुशबू फैली है, हर ठेले वाले की जुबान पर गर्व से सजी कहानी है। छपरा के बारे में कहा जाता है कि यहां का खाना फैंसी नहीं, सच्चा है। अगर खुले दिल से इसकी गलियों में कदम रखोगे, तो ये शहर दोनों हाथों से खिलाएगा। यह शहर यहां आने वाले हर शख्स को स्वाद में चिपचिपी उंगलियां, भरा पेट और सालों तक दोहराने लायक कहानियां देकर ही किसी को विदा करता है।
लिट्टी-चोखा: बिहार का गौरव, छपरा का ताज
छपरा की खाने की सैर बिना लिट्टी-चोखा के शुरू नहीं हो सकती। सत्तू भरी आटे की गोलियां, खुली आग पर झुलसकर सुनहरी बैंगन, टमाटर, आलू का धुआंदार मसला। हर ठेले पर स्वाद अलग और यही अनप्रेडिक्टेबिलिटी इसका जादू है। एक बाइट में मिट्टी का सोंधापन, दूसरे में मसालों की चिंगारी। मानो बिहार की आत्मा प्लेट में उतर आती है!
चना घुगनी: शाम का सुपरस्टार, दिल का साथी
उबले चने, प्याज, हरी मिर्च, मसालों में चटकते,सुनने में सादा, लेकिन छपरा की घुगनी 'सिंपल परफेक्टेड' का जीता-जागता सबूत। पत्तल के दोने में गर्मागर्म, ऑफिस वालों से स्कूली बच्चों तक का फेवरेट। एक चम्मच में बचपन की यादें, दूसरी में शाम की थकान उतर जाती है।
बिहारी थाली: जहां भरपूरपन आराम से मिलता है
चावल, दाल, चोखा, सब्जी, अचार और पापड़- चुनने की जरूरत नहीं, बस आते रहते हैं। छपरा की थाली स्टील की गोल प्लेट में कंफर्ट फूड का सागर है। कोई फाइव-स्टार होटल इसके स्वाद की बराबरी नहीं कर सकता है।
चंपारण मीट: मिट्टी के मटके का मटन
चंपारण से निकला, छपरा में अपनाया गया हांडी मटन। मिट्टी के बर्तन में सील, सरसों तेल-लहसुन में धीमी आग पर पकता मांस। इतना नरम कि हल्की सी छुई में टूट जाए। अगर आप मांसाहार के शौकीन हैं तो यहां के चंपारण मीट का स्वाद आपको जीवनभर याद रहेगाय़
खाजा और मखाना खीर
खाजा कुरकुरी परतों वाली वह मिठाई है जिससे चाशनी की चमक साफ नजर आती है और मुंह में जाते ही गायब हो जाती है। वहीं कोमल, क्रीमी, इलायची की महक वाली मखाना खीर के तो क्या ही कहने। छपरा की मिठास ऐसी कि मुंह में घुलकर सालों तक याद रहती है।
और अंत में..
छपरा का खाना शहर की आत्मा है। मानो सादगी में छिपी शान, मिट्टी में बसी मिठास। यहां प्लेट खत्म नहीं होती, यादें शुरू होती हैं। अगली बार बिहार जाएं तो छपरा जरूर रुकें। क्योंकि यहां खाना सिर्फ पेट नहीं, दिल भरता है।
