Eyeglass Scratch Removal Tips: आजकल चश्मा सिर्फ आंखों की जरूरत नहीं, बल्कि लोगों की लाइफस्टाइल का भी हिस्सा बन चुका है। लेकिन जब चश्मे के ग्लास पर स्क्रैच पड़ने लगते हैं या वह धुंधला दिखने लगता है, तो रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग यह सोचकर नया चश्मा खरीदने का मन बना लेते हैं कि पुराने ग्लास अब ठीक नहीं हो सकते। जबकि सच यह है कि हल्के स्क्रैच और धुंधलेपन को घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से काफी हद तक कम किया जा सकता है। अगर सही तरीके अपनाए जाएं, तो आपका चश्मा फिर से पहले जैसा क्लियर और चमकदार नजर आ सकता है। यहां हम आपको 4 ऐसे आसान घरेलू नुस्खे बता रहे हैं, जो चश्मे के ग्लास को साफ और बेहतर दिखाने में मदद कर सकते हैं।
चश्मे के स्क्रैच हटाने के आसान तरीके - chashme ke scratch hatane ke tarike
टूथपेस्ट से करें सफाई
टूथपेस्ट सिर्फ दांत साफ करने के काम नहीं आता, बल्कि यह चश्मे के हल्के स्क्रैच कम करने में भी मददगार हो सकता है। इसके लिए थोड़ा सा नॉन-जेल टूथपेस्ट लें और उसे मुलायम कपड़े पर लगाकर ग्लास पर हल्के हाथों से रगड़ें। कुछ सेकंड बाद साफ पानी से धो लें। इससे छोटे-मोटे स्क्रैच हल्के पड़ सकते हैं और ग्लास ज्यादा साफ नजर आने लगता है।
बेकिंग सोडा का पेस्ट अपनाएं
बेकिंग सोडा एक हल्का क्लीनिंग एजेंट माना जाता है, जो स्क्रैच को कम दिखाने में मदद कर सकता है। इसके लिए थोड़ा बेकिंग सोडा लें और उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। अब इसे ग्लास पर लगाकर धीरे-धीरे रगड़ें और फिर साफ कपड़े से पोंछ लें। अगर स्क्रैच ज्यादा गहरे नहीं हैं, तो यह तरीका असर दिखा सकता है।
विंडशील्ड वॉटर रिपेलेंट का इस्तेमाल
कार के शीशों को साफ और चमकदार बनाने वाला विंडशील्ड वॉटर रिपेलेंट चश्मे के ग्लास पर भी उपयोगी हो सकता है। थोड़ा सा लिक्विड ग्लास पर लगाएं और माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। इससे ग्लास पर एक पतली परत बन जाती है, जो स्क्रैच को कम दिखाने में मदद करती है और ग्लास ज्यादा क्लियर नजर आता है।
बेबी ऑयल या पेट्रोलियम जेली
अगर स्क्रैच ज्यादा दिखाई दे रहे हैं, तो बेबी ऑयल या पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए एक बूंद बेबी ऑयल या थोड़ी सी जेली ग्लास पर लगाएं और हल्के हाथों से फैलाएं। बाद में साफ कपड़े से पोंछ लें। इससे स्क्रैच कुछ समय के लिए कम नजर आ सकते हैं और ग्लास ज्यादा स्मूद दिख सकता है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
- चश्मे के ग्लास को ज्यादा जोर से रगड़ने से नुकसान हो सकता है।
- हमेशा मुलायम या माइक्रोफाइबर कपड़े का ही इस्तेमाल करें।
- अगर आपके लेंस पर खास कोटिंग है, तो कोई भी घरेलू उपाय अपनाने से पहले सावधानी बरतें।
- बहुत गहरे स्क्रैच होने पर एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर रहेगा।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
