Malai Ghee Recipe: गर्मियों में मलाई से घी निकालना मुश्किल लगता है, ये टिप्स करेंगे मदद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 19, 2022, 09:58 AM IST

Malai Ghee Recipe: गर्मियों में मलाई से घी निकालना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि गर्मी में मलाई जल्दी खट्टी हो जाती है, साथ ही पिघल भी जाती है। जिसकी वजह से मलाई का मक्खन नहीं बन पाता और महिलाओं को मलाई से घी निकालना झंझट लगता है। ऐसे में कुछ टिप्स आपकी मदद कर सकते हैं।

Malai Ghee Recipe: गर्मियों में मलाई से घी निकालना मुश्किल लगता है, ये टिप्स करेंगे मदद

How To Make Ghee From Milk Cream: अच्छे स्वास्थ्य के लिए जितना जरूरी दूध होता है, उतना ही जरूरी होता है घी। घी से न सिर्फ शरीर में ताकत आती है, बल्कि खाने का स्वाद भी बढ़ता है। लेकिन कई बार लोग बाजार का घी इस्तेमाल करते हैं, जो सेहत के लिहाज से अच्छा नहीं होता क्योंकि बाजार के घी में मिलावट होती है। इसलिए घी को घर पर तैयार करना अच्छा रहता है। हालांकि, घर पर घी तैयार करना बहुत मुश्किल काम होता है, खासकर गर्मियों में क्योंकि इसके लिए पहले दूध से मलाई उतारना फिर उस मलाई से मक्खन बनाना और फिर आंच पर पकाना। इस तरीके से घी बनाने में बहुत समय लगता है, लेकिन आज हम आपको बताने जा रहे हैं मलाई से घी निकालने का आसान तरीका, तो चलिए जानते हैं इन तरीकों के बारे में-

गर्मियों में मलाई से घी कैसे निकालें?

फ्रिज में रखें मलाई
गर्मियों में मलाई जल्दी खराब हो जाती है। दरअसल, गर्मी की वजह से मलाई जल्दी खट्टी हो जाती है, साथ ही पिघली भी रहती है। इस वजह से मलाई से घी निकालना मुश्किल होता है। मलाई से पूरा घी निकालने के लिए मलाई को हमेशा फ्रिज में रखना चाहिए, ताकि वो जमी रहे।

घी निकालने के लिए मलाई का बनाएं मक्खन
गर्मियों में मलाई के पिघले हुए होने की वजह से उसे फेंटना और उससे मक्खन बनाना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए फ्रिज में मलाई को रखना जरूरी होता है। फ्रिज में रखने के बाद जब मलाई जम जाए, तब इसे अच्छे से फेंटकर या मिक्सी में डालकर उसका मक्खन बनाना आसान होता है।

मक्खन से घी निकालने में लगेगा कम समय
मलाई से पूरा घी निकालने के लिए मलाई का मक्खन बनाना जरूरी होता है, क्योंकि मक्खन से घी निकालने में समय भी कम लगता है और घी भी ज्यादा निकलता है। मलाई का मक्खन बनाने के बाद इसे कढ़ाई में डाले और हल्की आंच पर पकाते रहें। कुछ ही देर में आप देखेंगे कि मक्खन से घी अलग होने लगा है। जब तक मलाई के बारीक कण दाने-दाने बनकर हल्के ब्राउन न हो जाए और घी पूरा न निकल जाए, तब तक इसे पकाते रहें। घी पकाने के बाद इसे छानकर किसी बर्तन में कर लें। इस तरह से कम समय में तैयार हो गया घर में मलाई से बना घी।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)

End of Article