Akshaya Tritiya 2026 Special Kheer Recipe: अक्षय तृतीया का दिन हो और घर में मीठा न बने ऐसा तो हो ही नहीं सकता। इस खास मौके पर अगर कुछ पारंपरिक, स्वादिष्ट और दिल को सुकून देने वाला बनाना है, तो खीर से बेहतर क्या होगा? दूध, चावल और प्यार से बनी खीर सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि हमारे त्योहारों की खुशबू और यादों का हिस्सा है। सोचिए, रसोई में उबलते दूध की महक, उसमें मिलते चावल और इलायची की खुशबू… और फिर पूरे घर में फैलती मिठास, यही तो है त्योहार का असली मजा है। चाहे पूजा का प्रसाद हो या परिवार के साथ मीठा खाने का बहाना, खीर हर मौके को खास बना देती है। अगर आप भी इस अक्षय तृतीया पर कुछ आसान, पारंपरिक और स्वाद से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो चलिए यहां से सीखते हैं चावल के खीर की एक ऐसी रेसिपी जो हर बार परफेक्ट बने और सबका दिल जीत ले।
खीर बनाने की सामग्री (Kheer Recipe Ingredients)-
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 1/4 कप चावल (धोकर 20–30 मिनट भिगो लें)
- 1/2 कप चीनी (स्वादानुसार)
- 4–5 इलायची (पीसी हुई)
- 10–12 बादाम (कटे हुए)
- 10–12 काजू (कटे हुए)
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- कुछ केसर के धागे
खीर बनाने की विधि (Kheer Recipe Step By Step)-
खीर बनाने के लिए सबसे पहले चावल को साफ पानी से 2–3 बार धो लें। अब इन्हें 20–30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। इससे चावल जल्दी पकते हैं और खीर ज्यादा क्रीमी बनती है। फिर एक भारी तले का बर्तन लें और उसमें दूध डालें। मध्यम आंच पर दूध को उबालें। जब दूध उबलने लगे, तब आंच को धीमा कर दें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे चिपके नहीं। भीगे हुए चावल का पानी निकालकर दूध में डाल दें। अब धीमी आंच पर पकाएं। हर 2–3 मिनट में चलाते रहें। 20–25 मिनट में चावल नरम हो जाएंगे। जब चावल अच्छी तरह पक जाएँ और दूध आधा रह जाए, तब खीर गाढ़ी होने लगेगी। अब इसमें चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएँ। चीनी डालने के बाद खीर थोड़ी पतली लगेगी, लेकिन 5–10 मिनट में फिर गाढ़ी हो जाएगी। अब इलायची पाउडर डालें। कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालें। 5 मिनट तक और पकाएँ ताकि स्वाद अच्छी तरह मिल जाए। जब खीर क्रीमी और गाढ़ी हो जाए, गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि ठंडी होने पर खीर और भी गाढ़ी हो जाती है। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाएं। खीर तैयार है।
