हाल ही में अभिनेता अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी सबसे बड़ी आलोचक उनकी अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना हैं। अक्षय मानते हैं कि ट्विंकल उनकी आलोचना करने में इतनी निर्दयी हैं कि वो उन्हें कभी भी और कहीं भी खत्म कर सकती हैं। इसके साथ ही अक्षय ने ये भी माना कि ट्विंकल की आलोचनाएं और तारीफ उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है।
वैसे शादीशुदा जिंदगी में एक पार्टनर का अपने साथी को ईमानदार फीडबैक बहुत जरूरी भी होता है। दरअसल किसी इंसान का लाइफ पार्टनर ही उसे सबसे अच्छी तरह समझता है। इससे ज्यादा वह अपने साथी की सफलता, असफलता, सुख, दुख, सही और गलत का भागीदार भी होता है। ऐसे में उससे ज्यादा ईमानदार फीडबैक कोई और दे भी नहीं सकता।
क्या आसान होता है ईमानदारी से सच कहना
बहुत से रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स मानते हैं कि रिश्तों में ईमानदार फीडबैक देना हमेशा आसान नहीं होता। कई बार आलोचना सुनते ही सामने वाला आहत हो जाता है। ऐसे लोगों को ये समझना चाहिए कि उनका लाइफ पार्टनर अगर उनकी किसी बात की आलोचना कर रहा है तो वो उनकी भलाई के लिए कर रहा है, न कि खुद को सही साबित करने के लिए।
वैसे आलोचना करने वाले पार्टनर को भी अपने शब्द चुनते समय थोड़ा सावधान रहना चाहिए। मसलन अगर आप कहते हैं- मुझे लगता है कि इस काम को एक दूसरे तरीके से और बेहतर बनाया जा सकता है, तो यह थोड़ा सकारात्मक दिखता है। वहीं अगर आप कहें- तुम कभी ठीक से सोचते ही नहीं हो. तो यह सामने वाले के व्यक्तित्व पर हमला बन जाता है। ऐसी बातें रिश्ते में दूरी पैदा कर सकती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जिसके साथ हंस ना सकें, उससे क्यों नहीं करनी चाहिए शादी
कब ना करें आलोचना
पार्टनर की आलोचना करने का समय भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अगर वो पहले से ही किसी असफलता या तनाव से गुजर रहा है, तो उसी क्षण उसकी आलोचना करना नुकसानदेह हो सकता है। उस समय सहारा और भरोसा ज्यादा जरूरी होता है।
रिलेशनशिप में कई बार ऐसी शिकायत भी करते हैं कि उनके किसी काम की तारीफ नहीं होती। उन्हें लगता है कि कमी तो तुरंत बता दी जाती है लेकिन तारीफ के दो शब्द नहीं निकलते। ऐसे में अगर आप अपनी शादीशुदा जिंदगी को खुशहाल बनाए रखना चाहते हैं तो एक दूसरे की आलोचना के साथ ही अच्छे काम या फैसले की जमकर तारीफ भी करें। यह जादू की तरह काम करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जब पार्टनर हो बीमार तो कुछ ऐसे रखें ध्यान
अक्षय कुमार भी मानते हैं कि जब उनकी पत्नी उनके किसी काम की तारीफ करती हैं तो उन्हें लगता है कि सच में मैंने कुछ अच्छा किया है। बतौर पत्नी ट्विंकल ने ये विश्वास जीता है। ट्विंकल की तरह कोई भी शादीशुदा इंसान ईमानदार फीडबैक से अपने पार्टनर का भरोसा और दिल, दोनों जीत सकता है।
