लाइफस्टाइल

खमीर का झंझट छोड़िए, 20 मिनट में बनाएं कुरकुरी-चाशनी भरी जलेबी, जो मुंह में जाते ही घुल जाए

जलेबी खाने का मन हो और खमीर उठने का इंतजार बिल्कुल नहीं? इस आसान रेसिपी में मैदा, दही और Eno से सिर्फ 20 मिनट में कुरकुरी जलेबी तैयार होती है। गर्म चाशनी में तुरंत डुबोएं और तुरंत परोसें।

Image

Jalebi recipe

Homemade Jalebi Recipe in Hindi : जलेबी का नाम सुनते ही दिमाग में सबसे पहले आती है उसकी गोल-गोल शेप, बाहर से करारी परत और अंदर तक पहुंची मीठी चाशनी। लेकिन घर पर जलेबी बनाने की बात आते ही एक झंझट अक्सर रोक देता है, बैटर के फर्मेंट होने का इंतजार। कभी मौसम साथ नहीं देता, कभी बैटर वैसा नहीं बनता और कभी जलेबी तेल में डालते ही फैल जाती है।

लेकिन अगर आपको बिना लंबी तैयारी के गरमा-गरम जलेबी चाहिए, तो यह तरीका काफी दिलचस्प है। इसमें बैटर को घंटों छोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। मैदा, थोड़ा Eno, दही और घी से बैटर तैयार होता है और करीब 20 मिनट में जलेबी तलने के लिए तैयार हो सकती है।

सबसे पहले बनाएं जलेबी का झटपट बैटर

इसके लिए आपको चाहिए:

½ कप मैदा

½ छोटी चम्मच Eno

¼ कप से थोड़ा ज्यादा पानी

1 बड़ा चम्मच दही

1 छोटी चम्मच घी

  • सबसे पहले मैदा और Eno को मिला लें। इसमें घी डालकर हाथों से अच्छी तरह रगड़ें, ताकि मिश्रण हल्का मोइन जैसा हो जाए।
  • अब इसमें दही और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें। बैटर न बहुत पतला हो और न इतना गाढ़ा कि पाइप से निकले ही नहीं। इसे तब तक मिलाएं जब तक बैटर चिकना और ग्लॉसी नजर आने लगे।
  • बैटर को सीधे पाइप करें
  • तैयार बैटर को पाइपिंग बैग या दबने वाली बॉटल में भर लें। अब अप्पे वाले पैन में तेल गर्म करें।
  • यहां सबसे जरूरी खेल तेल के तापमान का है। तेल बहुत धुआं छोड़ने जितना गर्म नहीं होना चाहिए, लेकिन इतना गर्म जरूर हो कि बैटर डालते ही जलेबी ऊपर की तरफ उठने लगे।
  • अगर बैटर तेल में डालते ही तैरने लगे, तो समझिए तापमान सही दिशा में है।
  • अब बैटर को तेल में गोल-गोल घुमाते हुए पाइप करें। जलेबी को मध्यम से तेज आंच के आसपास पकाएं और पलटते हुए तब तक तलें, जब तक उसका रंग सुनहरा और किनारे कुरकुरे न हो जाएं।

चाशनी में डालें जलेबी

पहले से एक तार की चाशनी तैयार रखें। जैसे ही जलेबी तेल से निकले, उसे तुरंत गर्म चाशनी में डालें। यह देरी करने वाली रेसिपी नहीं है। अगर जलेबी ठंडी हो गई और चाशनी भी ठंडी पड़ गई, तो वह चाशनी को उतनी अच्छी तरह नहीं सोख पाएगी। इसलिए गरम जलेबी + गर्म चाशनी का कॉम्बिनेशन यहां असली गेमचेंजर है।

नोट करें शेफ स्पेशल छोटी-सी ट्रिक

जलेबी को चाशनी में ज्यादा देर तक छोड़ने के बजाय जरूरत के हिसाब से डुबोकर निकालें और तुरंत परोसें। इसी वक्त इसकी कुरकुरी बाहरी परत और अंदर की जूसी मिठास सबसे अच्छी महसूस होती है।
Avni Bagrola
अवनि बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article