Strongest Bite of Animals: दुनियाभर में ओर्का व्हेल से लेकर जगुआर तक कई ऐसे जानवर मौजूद हैं, जो बड़े से बड़े शिकारी को आसानी से चित कर सकते हैं। ओर्का व्हेल के काटने का बल लगभग 19,000 पाउंड प्रति वर्ग इंच (PSI) होता है। इसी वजह से ओर्का व्हेल दुनिया के सबसे ताकतवर दंश वाले जानवरों में से एक माने जाते हैं, लेकिन ओर्का व्हेल के अलावा ग्रेट व्हाइट शार्क का शिकार करना भी आसान नहीं है। इनके भीतर भी गजब की ताकत होती है।
वर्ल्ड ऑफ स्टैटिक्स ने वर्ल्डएटलस, लाइव साइंस के हवाले से दुनिया के सबसे ताकतवर दंश वाले जानवरों की एक लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में ओर्का व्हेल, दरियाई घोड़ा, जगुआर, पोलर बियर तक शामिल है।
यहां देखें पूरी लिस्ट
| क्रमांक | जानवर | दंश |
| 1 | ओर्का व्हेल | 19,000 PSI |
| 2 | नील मगरमच्छ | 5,000 PSI |
| 3 | ग्रेट व्हाइट शार्क | 4,000 PSI |
| 4 | मगरमच्छ | 2,000 PSI |
| 5 | दरियाई घोड़ा | 1,800 PSI |
| 6 | जगुआर | 1,500 PSI |
| 7 | गोरिल्ला | 1,300 PSI |
| 8 | ग्रिजली बियर | 1,200 PSI |
| 9 | पोलर बियर | 1,200 PSI |
| 10 | मनुष्य | 160 PSI |
अकेले शिकार नहीं करती ओर्का व्हेल
ओर्का व्हेल से टकराना घातक साबित हो सकता है। इन्हें अकेले शिकार करते हुए शायद ही किसी ने देखा होगा। ओर्का व्हेल को झुंड में रहना पसंद है और झुंड में ही शिकार भी करती हैं। इसका दंश सबसे शक्तिशाली होता है। ओर्का व्हेल शक्तिशाली जबड़े की बदौलत सील, डॉल्फिन, शार्क इत्यादि का बड़े आराम से काम तमाम कर देती हैं।

ओर्का व्हेल
नील मगरमच्छ
नील नदी के मगरमच्छ नॉर्मल पानी में रहने वाले मगरमच्छों की तुलना में ज्यादा मजबूत और ताकतवर होते हैं। इनके काटने की ताकत 5,000 पाउंड प्रति वर्ग इंच (PSI) होती है, जबकि नॉर्मल मगरमच्छ के काटने की ताकत 2,000 पीएसआई होती है। अफ्रीका में पाए जाने वाले नील मगरमच्छ दरियाई घोड़े से लेकर हिरण तक को अपना शिकार बनाते हैं। इनके पास 80 से ज्यादा घातक दांत होते हैं।
ग्रेट व्हाइट शार्क
शार्क की लगभग 400 प्रजातियों में से एक ग्रेट व्हाइट शार्क का जीवन काफी मुश्किलों से भरा होता है। अगर यह युवा अवस्था में जीवित रह गए तो फिर इनका अनुमानित जीवनकाल 70 साल तक हो सकता है। बता दें कि ग्रेट व्हाइट शार्क अपने दांतों से एक स्क्वॉयर इंच के हिस्से में 4,000 पाउंड तक का दबाव डाल सकता है।
दरियाई घोड़ा
दरियाई घोड़ा एक अनोखा जानवर है, जिसे हिप्पो या हिप्पोपोटामस भी कहा जाता है। यह ज्यादातर समय यह पानी में ही पड़े रहते हैं। हालांकि, इनके दांत इतने ज्यादा ताकतवर होते हैं कि पानी में मौजूद मगरमच्छ तक को लहूलुहान कर सकते हैं। इनके काटने की ताकत 1,800 पाउंड प्रति वर्ग इंच (PSI) होती है। यह उग्र स्वभाव के होते हैं। ऐसे में दरियाई घोड़ों से दूरी बनाकर ही रखनी चाहिए।
जगुआर
मध्य और दक्षिण अमेरिका के साथ ही दक्षिणी-पश्चिमी यूएसए में पाए जाने वाले जगुआर की लंबाई 1.8 मीटर तक हो सकती है। यह पलक झपकते ही 80 मील प्रति घंटे की रफ्तार तक फर्राटा भरकर बड़े से बड़े शिकार का काम तमाम कर सकते हैं। जगुआर एक स्क्वॉयर इंच के हिस्से में 1,500 पाउंड तक का दबाव डाल सकते हैं। जगुआर को भी दुनिया के सबसे ताकतवर दंश वाले जानवरों में से एक माना जाता है।
