जेन जेड आंदोलन के बाद सत्ता में आए बालेन्द्र शाह उर्फ बालेन इस समय भारत दौरे पर हैं। दो दिवसीय भारत दौरे पर आए बालेंद्र शाह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को भी वर्चुअली हरी झंडी भी दिखाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेंद्र शाह को परंपरानुरूप कई खास उपहार भी दिए। इन उपहारों के जरिए भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को भी दर्शाया गया है।
पीएम मोदी ने बालेन शाह को क्या दिया?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को कई खास उपहार भेंट किए। इनमें भगवान राम के जीवन पर आधारित कलमकारी शैली में बनी संपूर्ण रामायण की पेंटिंग, बनारसी ब्रोकेड स्टोल और वाराणसी से लाया गया गंगाजल शामिल है।भगवान राम की जीवन यात्रा दर्शाती है पेंटिंग
पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकलाहस्ती शैली में तैयार संपूर्ण रामायण की कलमकारी पेंटिंग भेंट की। इस पेंटिंग में भगवान राम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है। इसमें उनके जन्म, वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक के प्रसंग शामिल हैं।
यह कलाकृति सूती कपड़े पर हाथ से बनाई गई है। इसे तैयार करने में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। यह भारतीय चित्रकला, पारंपरिक शिल्पकला और धार्मिक कथाओं को प्रस्तुत करने की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है।
बनारसी स्टोल और साडेली बॉक्स भी किया भेंट
प्रधानमंत्री मोदी ने बालेंद्र शाह को वाराणसी में तैयार किया गया बनारसी ब्रोकेड स्टोल भी उपहार में दिया। रेशम से बने इस स्टोल पर कारीगरों ने बारीक डिजाइन और चमकदार जरी का काम किया है। पीएम मोदी ने इसे गुजरात के पारंपरिक साडेली बॉक्स में रखकर भेंट किया।बता दें कि साडेली बॉक्स अपनी खास ज्यामितीय डिजाइन और पारंपरिक लकड़ी की कारीगरी के लिए जाना जाता है।
गंगाजल बना वाराणसी और काठमांडू के आध्यात्मिक रिश्ते का प्रतीक
पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को पीतल के कलश में वाराणसी का गंगाजल भी भेंट किया। यह गंगाजल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से लिया गया था। इस उपहार का संबंध वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के भगवान पशुपतिनाथ से जोड़ा गया है। दोनों ही भगवान शिव के प्रमुख स्वरूप माने जाते हैं और भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं।
