नॉलेज

रेड प्लेनेट में क्यों हुई बैंगनी रंग की बारिश? NASA के इस VIDEO को क्या देखा है आपने

NASA Mars Video: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने मंगल ग्रह पर बैंगनी रंग की बारिश का वीडियो शेयर किया। इस वीडियो ने अंतरिक्ष प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। हाल ही में मंगल ग्रह से एक विशाल सौर तूफान टकराया था जिसकी वजह से मंगल ग्रह पर ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला है।

Image

मंगल ग्रह (फोटो साभार: NASA)

NASA Mars Video: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ऐसी कोई न कोई वीडियो या फिर फोटो शेयर करता रहता है, जो अंतरिक्ष प्रेमियों के बीच चर्चा का केंद्र बन जाता है। हाल ही में नासा ने रेड प्लेनेट यानी मंगल ग्रह का एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो को देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानो लाल ग्रह में बैंगनी रंग की बारिश हो रही है, पर इसकी हकीकत क्या है? यह हर कोई जानना चाहता है तो चलिए समझते हैं नासा ने इसके बारे में क्या कुछ बताया है।

लाल ग्रह में बिखरी ऑरोरा लाइट्स (Aurora Lights)

बकौल नासा, मंगल ग्रह में रात के समय पर बैंगनी रंग की ऑरोरा लाइट्स दिखाई दी। नासा के MAVEN (मार्स एटमॉस्फियर एंड वोलेटाइल इवोल्यूशन) ऑर्बिटर पर लगे इमेजिंग अल्ट्रावॉयलेट स्पेक्ट्रोग्राफ उपकरण की मदद से इसे कैप्चर किया गया। इस वीडियो का श्रेय NASA, कोलोराडो विश्वविद्यालय और LASP को जाता है।⁣

मंगल से टकराया था सौर तूफान

नासा ने बताया कि जितना अधिक बैंगनी रंग चमकीला दिखाई देगा उतनी अधिक ऑरोरा होगी। हाल ही में मंगल ग्रह से एक विशाल सौर तूफान टकराया था जिसकी वजह से मंगल ग्रह पर बैंगनी रंग की ऑरोरा लाइट्स दिखाई दे रही हैं, जो ऐसी लग रही हैं मानो बैंगनी रंग की मंगल ग्रह पर बारिश हो रही है।

सौर तूफान के सबसे ऊर्जावान कणों की लहर की वजह से यह नजारा दिखाई दिया। मंगल ग्रह पर दिखाई देने वाली ऑरोरा लाइट्स पृथ्वी पर देखे जाने वाले ऑरोरा से अलग है। ऐसा इसलिए, क्योंकि हमारा ग्रह यानी पृथ्वी एक मजबूत चुंबकीय क्षेत्र द्वारा आवेशित कणों से सुरक्षित है, जो आमतौर पर ऑरोरा को ध्रुवों के पास के क्षेत्रों तक सीमित रखता है।

क्या सौर तूफान से सुरक्षित है मंगल?

बकौल नासा, मंगल ग्रह ने अतीत में अपने आंतरिक रूप से उत्पन्न चुंबकीय क्षेत्र को खो दिया था। इसी वजह से ऊर्जावान कणों के हमले से मंगल पर कोई सुरक्षा नहीं है। तभी तो आवेशित कण जब मंगल ग्रह के वायुमंडल से टकराते हैं तो पूरे ग्रह पर ऑरोरा बनती है।

मंगल ग्रह पर ऑरोरा का VIDEO कब कैप्चर किया गया?

मंगल ग्रह पर ऑरोरा का वीडियो MAVEN ने 14 से 20 मई, 2024 के बीच तब कैप्चर किया जब वह लाल ग्रह के नीचे परिक्रमा कर रहा था। बता दें कि MAVEN टीम सितंबर 2024 में मंगल ग्रह पर अंतरिक्ष यान के 10वें वर्ष का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है।⁣⁣

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article