नॉलेज

ये है 600 साल पुरानी खगोलीय जानकारी देने वाली घड़ी; लाखों लोग आज भी करते हैं दीदार

Prague Astronomical Clock: क्या आप एक ऐसी घड़ी के बारे में जानते हैं, जो समय नहीं बताती है इसके बावजूद लोग दूर-दूर से उसका दीदार करने के लिए आते हैं। यह घड़ी 600 साल पुरानी है और इस घड़ी का निर्माण करने वाले को अंधा कर दिया गया था ताकि वह फिर से इस तरह की घड़ी न बना सकें।

Image

प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच

Photo : iStock

Prague Astronomical Clock: आप लोगों ने बहुत सी घड़ियां देखी होंगी, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी घड़ी के बारे में बताने वाले हैं, जो हर घंटे पर्यटकों की भारी भीड़ को आकर्षित करता है। यह घड़ी 600 साल से भी ज्यादा पुरानी है, लेकिन यह घड़ी समय नहीं बताती है। अब आप सोच रहे होंगे कि यह घड़ी आखिर बताती क्या है?

कहां मौजूद है अनोखी घड़ी?

600 साल पुरानी असाधारण घड़ी चेक गणराज्य की राजधानी प्राग (Prague) में मौजूद है। यह एक अद्भुत खगोलीय घड़ी (Prague Astronomical Clock) है, जो अन्य घड़ियों की तरह समय नहीं बताती है, बल्कि सूर्य और चंद्रमा की स्थिति को दर्शाती है। यूरोप के सबसे रोमांटिक शहरों में से एक प्राग में कई विशालकाय अद्भुत इमारतें हैं, जो पर्यटकों को काफी लुभाती हैं।

प्राग की इस खगोलीय घड़ी को प्राग ओर्लोज के नाम से जाना जाता है। इस घड़ी में 12 राशियों के साथ-साथ कैथोलिक संतों की मूर्तियां लगी हुई हैं। प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच को ओल्ड टाउन स्क्वेयर के ओल्ड टाउन हाल में 1410 में लगाया गया था। जिसे मास्टर हानुस ने डिजाइन किया था। इस घड़ी ने 600 साल से प्राग की विरासत को संभाल कर रखा है। साथ ही कई बार इसकी मरम्मत हो चुकी है।

Prague_Astronomical_Clock

प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच

प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच सूर्य और चंद्रमा की स्थिति, ग्रहों की स्थिति, दिवस और माह का नाम, संतों के दिन और खगोलीय घटनाओं को दर्शाती है। हर साल लाखों पर्यटक इस घड़ी का दीदार करने आते हैं।

जब निर्माता को कर दिया था अंधा

प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच का इस्तेमाल समय देखने के लिए नहीं, बल्कि सूर्योदय और सूर्यास्त की स्थिति का पता लगाने और ईसाई धर्म के पवित्र दिनों के बारे में समझने के लिए किया जाता था। हालांकि, इस घड़ी को लेकर कई रोचक कहानियां भी सुनने को मिलती हैं, जिनमें से एक कहानी मास्टर हानुस को अंधा किए जाने से जुड़ी है।

Prague Astronomical_Clock

प्राग एस्ट्रोनॉमिकल वॉच

कहा जाता है कि प्राग के राजा ने मास्टर हानुस को एक अनोखी घड़ी डिजाइन करने का काम सौंपा था और उन्होंने इसका निर्माण भी किया, जो आज भी चर्चा के केंद्र में बनी रहती है और सोचिये 1410 में खगोलीय घटनाएं बनाने वाली घड़ी पर कितनी चर्चा नहीं होती होगी। इसी के चलते कई जगहों से मास्टर हानुस को इस तरह की घड़ी बनाने के ऑर्डर आने लगे, लेकिन राजा नहीं चाहते थे कि ऐसी घड़ी कहीं और भी हो तो उन्होंने इसके निर्माता को अंधा कर दिया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article