नॉलेज

120 साल पुराने आइंस्टीन के सिद्धांत में मिली बड़ी कमी, बिग बैंग के रहस्यों को सुलझाएगी MIT की यह नई खोज

Science News: MIT और UC सांता बारबरा के वैज्ञानिकों ने पाया है कि अल्बर्ट आइंस्टीन का 120 साल पुराना 'ब्राउनियन मोशन' का सिद्धांत बिग बैंग के तुरंत बाद बने 'क्वार्क-ग्लूऑन प्लाज्मा' में प्रकाश की गति से दौड़ते भारी कणों पर पूरी तरह लागू नहीं होता।

Image

बिग बैंग और समय की शुरुआत को लेकर नया खुलासा (Newsroom Verified AI Image)

Science News: सोचिए कि आप किसी भीड़भाड़ वाले स्वीमिंग पूल में तैर रहे हैं और आसपास के लोग लगातार पानी में उछल-कूद कर रहे हैं। अगर आप शांत खड़े रहें, तो भी पानी की लहरें और लोगों के धक्के आपको इधर-उधर डिगा देंगे। लेकिन क्या होगा यदि आप पानी के भीतर सामान्य गति से तैरने के बजाय अचानक 'प्रकाश की गति' यानी लगभग 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से दौड़ने लगें? क्या पानी के धक्के आप पर वही असर डालेंगे जो पहले डाल रहे थे? भौतिक विज्ञान के सबसे महानतम वैज्ञानिकों में से एक अल्बर्ट आइंस्टीन ने वर्ष 1905 में पानी में तैरते परागकणों की इसी उथल-पुथल को समझकर 'ब्राउनियन मोशन' (Brownian Motion) का सिद्धांत दिया था। लेकिन मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सांता बारबरा (UCSB) के वैज्ञानिकों की एक नई खोज से पता चला है कि जब कण प्रकाश की गति के करीब पहुंचते हैं, तो आइंस्टीन का यह 120 साल पुराना नियम कुछ कमजोर साबित होता है। प्रतिष्ठित शोध पत्रिका 'फिजिकल रिव्यू लेटर्स' (Physical Review Letters) में प्रकाशित यह अध्ययन ब्रह्मांड के जन्म यानी बिग बैंग के तुरंत बाद बनी स्थितियों को समझने का एक नया नजरिया देता है।

क्या था बिग बैंग के बाद का 'क्वार्क-ग्लूऑन प्लाज्मा'?

आज से लगभग 13.8 अरब साल पहले जब बिग बैंग हुआ, तब शुरुआती कुछ माइक्रोसेकंड यानी सेकंड के लाखवें हिस्से के लिए पूरा ब्रह्मांड एक अत्यंत गर्म और डेंस सूप से भरा हुआ था। इसे विज्ञान की भाषा में 'क्वार्क-ग्लूऑन प्लाज्मा' (Quark-Gluon Plasma) कहा जाता है। इसका तापमान खरबों डिग्री सेल्सियस था।इसमें आज के परमाणु (Protons and Neutrons) मौजूद नहीं थे, बल्कि उनके बुनियादी घटक यानी क्वार्क (Quarks) और ग्लूऑन (Gluons) एक-दूसरे से अलग होकर लगभग प्रकाश की गति से तैर रहे थे।

आज वैज्ञानिक 'पार्टिकल एक्सीलेटर' में भारी आयनों को आपस में टकराकर इस पदार्थ की बेहद छोटी बूंदें कुछ सेकंड के बहुत छोटे हिस्से के लिए बनाते हैं ताकि शुरुआती ब्रह्मांड को समझा जा सके।

पानी में तैरते पॉलेन और आइंस्टीन का नियम

आइंस्टीन ने 1905 में समझाया था कि पानी में तैरता पॉलेन यानी परागकण शांत नहीं रहता क्योंकि पानी के अदृश्य अणु उससे लगातार टकराते रहते हैं। इसे उन्होंने दो शक्तियों के संतुलन से समझाया। पहला ड्रैग और दूसरा रैंडम किक्स। ड्रैग कण की गति को धीमा करता है, जैसे पानी में हाथ चलाने पर मिलने वाली रुकावट। और रैंडम किक्स आसपास के परमाणुओं के अनगिनत रैंडम धक्के हैं जो कण को इधर-इधर ढकेलते हैं।

सामान्य तौर पर, छोटे-मोटे धक्के बहुत आम होते हैं, जबकि बहुत जोर का धक्का लगने की संभावना बेहद कम होती है। यदि इसका ग्राफ बनाया जाए तो वह एक घंटी की तरह दिखता है, यानी बीच में सबसे ऊंचा और दोनों किनारों पर एक समान ढलान।

प्रकाश की गति पर आइंस्टीन का नियम क्यों टूट गया?

MIT के जीन डु प्लेसिस (Jean Du Plessis) और यूसी सांता बारबरा के ब्रूनो शेहिंग-हित्शफेल्ड (Bruno Scheihing-Hitschfeld) ने जब यह गणना की कि इस गर्म प्लाज्मा में से यदि कोई भारी क्वार्क (Heavy Quark) प्रकाश की गति के पास से गुजरता है, तो उस पर क्या असर पड़ता है? तभी उन्हें एक चौंकाने वाला अंतर दिखाई दिया। वो ये कि जब कण प्रकाश की गति के करीब चलता है, तो उस पर लगने वाले जोरदार धक्कों का संतुलन बिगड़ जाता है। अध्ययन में पाया गया कि आइंस्टीन के बेल-कर्व के विपरीत, भारी क्वार्क को ऐसे शक्तिशाली धक्के ज्यादा मिलते हैं जो उसे अचानक बहुत धीमा कर देते हैं। जबकि उसे और तेज करने वाले धक्कों की संभावना काफी कम होती है।

ब्रह्मांड गैस नहीं, 'तरल पदार्थ' जैसा था

इस नई थ्योरी का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि यह किसी एक मॉडल तक सीमित नहीं है। वैज्ञानिकों ने अलग-अलग तरह के प्लाज्मा कणों और मजबूत आंतरिक बलों के साथ जब यह गणना दोहराई, तो हर बार यही झुका हुआ पैटर्न सामने आया। इससे वैज्ञानिकों को एक बहुत बड़ी जानकारी मिली है, कि बिग बैंग के बाद का शुरुआती ब्रह्मांड किसी बिखरी हुई गैस की तरह नहीं, बल्कि एक बेहद कसकर जुड़े हुए 'तरल पदार्थ' की तरह व्यवहार कर रहा था।

भविष्य की राह और खोज का महत्व

यह सैद्धांतिक खोज वैज्ञानिकों को एक नया हथियार देती है। जब वे पार्टिकल एक्सीलेटर में भारी क्वार्क्स के गति परिवर्तन को मापेंगे, तो वे यह सटीकता से जान पाएंगे कि 13.8 अरब साल पहले का ब्रह्मांड भीतर से असल में कैसा दिखाई देता था। 120 साल पहले आइंस्टीन की दी गई थ्योरी को आगे बढ़ाकर आज के वैज्ञानिकों ने न केवल भौतिक विज्ञान के एक बड़े सवाल को सुलझाया है, बल्कि ब्रह्मांड के पहले माइक्रोसेकंड की तस्वीर को भी अधिक साफ कर दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article