Times Now Navbharat
live-tv
Premium

भारत की बढ़ती ताकत से घबराया चीन, 'पाकिस्तान कार्ड' से घेरने की रच रहा साजिश, US रिपोर्ट में खुलासा

वैश्विक मंच पर भारत की तेजी से बढ़ती आर्थिक और सामरिक ताकत ने चीन की बेचैनी बढ़ा दी है। USCC की रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग भारत को एशिया में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखता है और नई दिल्ली की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए 'पाकिस्तान कार्ड' का इस्तेमाल कर रहा है।

Image
भारत की बढ़ती ताकत से परेशान चीन
Authored by: आलोक कुमार
Updated Nov 25, 2026, 12:47 IST
Follow on Google News

दुनियाभर में जारी उथल-पुथल के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। भारत की बढ़ती आर्थिक, सैन्य और रणनीतिक ताकत अब वैश्विक शक्ति संतुलन में अहम भूमिका निभा रही है। यही वजह है कि पड़ोसी देश चीन के साथ उसकी प्रतिस्पर्धा अब केवल सीमा तक सीमित नहीं रह गई है। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, चीन भारत के बढ़ते प्रभाव को सीमित करने के लिए पाकिस्तान कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है।

अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) की रिपोर्ट के अनुसार, चीन भारत के आर्थिक और रणनीतिक उदय को रोकने के लिए कई मोर्चों पर काम कर रहा है। इसमें सीमा पर सैन्य तैनाती और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, पाकिस्तान के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करना, हिंद महासागर में नौसैनिक मौजूदगी बढ़ाना और भारत की औद्योगिक निर्भरता का फायदा उठाना शामिल है।

क्या है अमेरिकी रिपोर्ट?

अमेरिकी संसद के तहत काम करने वाले US-China Economic and Security Review Commission (USCC) ने 18 नवंबर 2026 को अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। इसका एक अध्याय China’s Other Front: India and the Future of U.S. Strategy in the Indo-Pacific शीर्षक से है। इसमें भारत के साथ चीन की रणनीतिक प्रतिस्पर्धा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसके प्रभाव का विश्लेषण किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है, जिसके पास आर्थिक, जनसांख्यिकीय, सैन्य और भौगोलिक ताकत है। वह चीन के साथ लंबे समय तक चलने वाले शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजिंग भारत के इस उभार को अपने क्षेत्रीय प्रभाव के लिए चुनौती मानता है और उसे सीमित करने के लिए सैन्य, आर्थिक और समुद्री मोर्चों पर दबाव बना रहा है।

भारत को रोकने के लिए चीन की क्या है रणनीति?

रिपोर्ट में चीन की रणनीति के चार प्रमुख पहलुओं का जिक्र किया गया है। पहला, भारत-चीन सीमा पर सैन्य तैनाती और बुनियादी ढांचे को मजबूत कर दबाव बनाए रखना। दूसरा, पाकिस्तान को सैन्य सहयोग देकर भारत के सामने दो मोर्चों पर सुरक्षा चुनौती बढ़ाना। तीसरा, हिंद महासागर में नौसैनिक और निगरानी गतिविधियों का विस्तार करना। चौथा, भारत की औद्योगिक जरूरतों के लिए जरूरी चीनी मशीनरी, कलपुर्जों और तकनीक पर निर्भरता बनाए रखना।

आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, चीन का सबसे प्रभावी दबाव आर्थिक मोर्चे पर है। इलेक्ट्रॉनिक्स, बैटरी, फार्मा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में जरूरी औद्योगिक इनपुट और तकनीक पर चीन की मजबूत पकड़ भारत के घरेलू विनिर्माण विस्तार के लिए चुनौती बन सकती है।

भारत की निर्भरता का फायदा उठा रहा चीन

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन महत्वपूर्ण औद्योगिक संसाधनों, तकनीक और विशेषज्ञता पर अपने नियंत्रण का इस्तेमाल अपनी विनिर्माण बढ़त बनाए रखने के लिए कर रहा है। इससे भारत के लिए इन क्षेत्रों में अपनी उत्पादन क्षमता विकसित करना मुश्किल हो सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने कुछ मौकों पर भारत को औद्योगिक इनपुट, उपकरण और तकनीकी विशेषज्ञता की आपूर्ति सीमित कर दबाव बनाने की कोशिश की है। उसने भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को उपकरणों की आपूर्ति में बाधा पहुंचाई, फार्मा क्षेत्र में चीनी उत्पादों की कम कीमतों के जरिए भारतीय निर्माताओं पर दबाव बनाया और बैटरी तकनीक के निर्यात पर नियंत्रण लगाए।

चीन पर भारत की कितनी निर्भरता?

USCC की रिपोर्ट में दिए गए आंकड़े बताते हैं कि कई महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में भारत चीन से होने वाले आयात पर काफी निर्भर है। आयोग के अनुसार, भारत के इन उत्पादों के आयात में चीन की हिस्सेदारी इस प्रकार है:

  • सिलिकॉन वेफर: 97 फीसदी
  • लिथियम-आयन बैटरी: 93 फीसदी
  • एंटीबायोटिक सामग्री: 87 फीसदी
  • एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API): 74 फीसदी
  • सोलर सेल: 74 फीसदी
  • इलेक्ट्रिक इन्वर्टर: 62 फीसदी

ये आंकड़े संबंधित उत्पादों के भारत के कुल आयात में चीन की हिस्सेदारी दर्शाते हैं। इससे साफ है कि इलेक्ट्रॉनिक्स, दवा, बैटरी और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में चीन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। आयोग का कहना है कि इस तरह की निर्भरता भारत के घरेलू विनिर्माण, रणनीतिक तकनीक के विकास और मजबूत सप्लाई चेन तैयार करने के लक्ष्यों के सामने चुनौती बन सकती है।

बीजिंग पर निर्भरता कम करने में जुटा भारत

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने अपनी सप्लाई चेन में विविधता लाने और चीन पर निर्भरता कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन देना, संवेदनशील क्षेत्रों में चीनी निवेश पर प्रतिबंध और वैकल्पिक सप्लायर विकसित करने की कोशिशें शामिल हैं।

हालांकि, आयोग का आकलन है कि भारत का औद्योगिक विस्तार अब भी काफी हद तक चीनी मशीनरी, कलपुर्जों और तकनीकी जानकारी पर निर्भर है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि हाल में भारत ने चीनी निवेश और उपकरणों पर लगी कुछ पाबंदियों में ढील दी है, क्योंकि चीनी तकनीक, औद्योगिक इनपुट और विशेषज्ञता तक पहुंच सीमित करने की आर्थिक लागत बढ़ रही है।

पाकिस्तान के साथ चीन का सैन्य गठजोड़ क्यों है चिंता?

रिपोर्ट में भारत की सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी चिंता पाकिस्तान के साथ चीन की बढ़ती सैन्य साझेदारी है। आयोग के मुताबिक, बीजिंग इस्लामाबाद को सैन्य समर्थन दे रहा है, जिससे भारत के सामने दो मोर्चों पर सुरक्षा चुनौती और गंभीर हो सकती है।

मई 2025 में हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए रिपोर्ट कहती है कि इस घटनाक्रम ने दिखाया कि चीन बिना सीधे संघर्ष में शामिल हुए भी संकट के समय पाकिस्तान को मजबूत कर सकता है। इससे भारत की रक्षा योजना में दो मोर्चों पर संभावित चुनौती एक अहम मुद्दा बन गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य सहयोग भारत के लिए अपनी उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर एक साथ सुरक्षा दबाव की आशंका पैदा करता है। ऐसे में भारत को अपनी रक्षा तैयारियों और सैन्य संसाधनों की योजना बनाते समय दोनों मोर्चों को ध्यान में रखना पड़ता है।

चीन हिंद महासागर में भी बढ़ा रहा अपनी मौजूदगी

चीन की रणनीति केवल जमीनी सीमा और पाकिस्तान तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट में हिंद महासागर में उसकी बढ़ती नौसैनिक, निगरानी और अनुसंधान गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई है। यह क्षेत्र भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से बेहद अहम है।

भारत की भौगोलिक स्थिति उसे उन महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों के करीब रखती है, जिनसे चीन की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार का बड़ा हिस्सा गुजरता है। आयोग के मुताबिक, चीन हिंद महासागर में अपनी नौसैनिक मौजूदगी बढ़ाने के साथ ऐसी लॉजिस्टिक क्षमताएं भी विकसित कर रहा है, जिनसे वह लंबे समय तक इस क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां जारी रख सके।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन ऐतिहासिक अधिकारों और समुद्र के नीचे मौजूद भौगोलिक संरचनाओं के नामकरण के जरिए हिंद महासागर में अपने दावों को बढ़ाने की कोशिश कर सकता है। आयोग ने इसकी तुलना दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों से की है। इससे भारत को अपने समुद्री क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बढ़ सकती है।

चीन की भारत विरोधी रणनीति

चीन की भारत विरोधी रणनीति

अमेरिका और भारत को साथ आने की सलाह

रिपोर्ट में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक सहयोग मजबूत करने की सिफारिश की गई है। इसमें रक्षा सहयोग बढ़ाने, समुद्री निगरानी बेहतर करने, खुफिया जानकारी साझा करने और हिंद महासागर में चीनी नौसेना तथा पनडुब्बियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बेहतर तालमेल बनाने की बात कही गई है।

आयोग ने अमेरिकी रक्षा विभाग और भारत के रक्षा प्रतिष्ठान के बीच समुद्र के नीचे की गतिविधियों की जानकारी और समुद्री क्षेत्र की निगरानी को लेकर सहयोग बढ़ाने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, रक्षा, सरकार, कारोबार और शिक्षा जगत के उभरते नेताओं के बीच संबंध मजबूत करने के लिए 'इंडो-अमेरिकन स्ट्रैटेजिक लीडरशिप एक्सचेंज प्रोग्राम' शुरू करने की सिफारिश भी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक मजबूत भारत एशिया में शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है और विनिर्माण तथा सप्लाई चेन के क्षेत्र में चीन के दबदबे के सामने एक विकल्प पेश कर सकता है।

End of Article