अगर आप भी एक नई मारुति कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। खास कर Maruti Victoris खरीदने का प्लान बना रहे थे तो अब आपको इसी कार का एंट्री-लेवल वेरिएंट पहले के मुकाबले कुछ महंगा पड़ने वाला है। दरअसल, देश की सबसे बड़ी ऑटोमेकर कंपनी मारुति ने अपनी पॉपुलर Victoris एसयूवी की कीमतों में बदलाव किया है। जहां एक ओर कंपनी ने इस एसयूवी के एंट्री-लेवल LXi पेट्रोल और CNG वेरिएंट की कीमतों में 10,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। वहीं, VXi पेट्रोल और CNG वेरिएंट पहले के मुकाबले 5,000 रुपये सस्ते हो गए हैं। हालांकि, Victoris के दूसरे वेरिएंट की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
Maruti Victoris की नई कीमत क्या है?
कीमतों में बदलाव के बाद Victoris के LXi पेट्रोल वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 10.60 लाख रुपये हो गई है। पहले इसकी कीमत 10.50 लाख रुपये के करीब थी। इसी तरह LXi CNG वेरिएंट अब 11.65 लाख रुपये में उपलब्ध है, जबकि पहले इसके लिए लगभग 11.55 लाख रुपये खर्च करने पड़ते थे।
दूसरी ओर, VXi पेट्रोल वेरिएंट की कीमत घटकर 11.80 लाख रुपये हो गई है। वहीं, VXi CNG वेरिएंट अब 12.85 लाख रुपये में खरीदा जा सकता है। इन दोनों वेरिएंट की कीमतों में 5,000 रुपये की कटौती की गई है।
Victoris के ZXi, ZXi (O) और ZXi Plus वेरिएंट की कीमतें पहले जैसी ही रहेंगी। कीमतों में बदलाव के बाद इस एसयूवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.60 लाख रुपये है, जबकि इसकी रेंज के टॉप वेरिएंट की कीमत 20.22 लाख रुपये तक जाती है।
तीन पावरट्रेन का मिलता है विकल्प
Maruti Suzuki Victoris को कंपनी तीन पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश करती है। इसमें पहला 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन है, जो 102bhp की पावर और 139Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। ऑटोमैटिक वर्जन में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी दिया गया है।
इसके अलावा, ग्राहक इसका S-CNG वेरिएंट भी खरीद सकते हैं। CNG मोड में इंजन 87bhp की पावर और 122Nm का टॉर्क देता है। तीसरा विकल्प 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन है, जिसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। यह e-CVT गियरबॉक्स के साथ आता है और दोनों की कंबाइन्ड पावर 116bhp है।
पेश हुआ Aurum Edition
इसके अलावा, बता दे Victoris के बाजार में एक साल पूरा होने के मौके पर कंपनी ने इसका Aurum Edition भी पेश किया है। इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट के लिए 22,990 रुपये की कीमत वाला एक्सेसरी पैक मिलता है। इसमें कॉपर कलर के एक्सेंट, क्रोम डिटेलिंग, 3D केबिन और बूट मैट के साथ बूट सिल गार्ड शामिल हैं।
