नॉलेज

नोट कर लें तारीखें! जून में होने जा रही हैं ये 6 बड़ी खगोलीय घटनाएं, आसमान में दिखेगा अद्भुत न्यू सुपरमून और ग्रहों का महामिलन

जून 2026 में अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए अद्भुत नजारे दिखने वाले हैं। 9 जून को शुक्र-बृहस्पति के पास दिखने से लेकर 15 जून को न्यू सुपरमून और 21 जून को साल का सबसे लंबा दिन होने जा रहा है। जानें दिल्ली-NCR में ये कब देखे जा सकेंगे।

Image

जून में दिखेंगे कई खास नजारे

Astronomical Events June 2026: यदि आपको भी रात के समय टिमटिमाते तारों और अंतरिक्ष के रहस्यों को देखना पसंद है, तो अपनी दूरबीन और कैमरे साफ कर लीजिए। जून 2026 का महीना खगोलीय नजरिए से बेहद खास होने जा रहा है। इस महीने चांद कभी सौरमंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति (Jupiter) के करीब दिखेगा, तो कभी लाल ग्रह मंगल (Mars) के साथ जुगलबंदी करेगा। आइए जानते हैं दिल्ली में ये सभी खगोलीय नजारे कब और कैसे देखे जा सकते हैं।

1. 5 जून: चांद और बृहस्पति की खूबसूरत जोड़ी (Moon near Jupiter)

5 जून को चांद और बृहस्पति एक साथ दिखाई देंगे। इसके लिए भोर में सूर्योदय से ठीक पहले पूर्व-उत्तरपूर्व (East-Northeast) दिशा की ओर देखें। सुबह 4:00 बजे से 5:15 बजे के बीच आसमान में बेहद बारीक घटता हुआ अर्धचंद्र (Waning Crescent Moon) चमकीले और विशालकाय बृहस्पति ग्रह के बिल्कुल पास बैठा दिखाई देगा।

2. 6 जून: मंगल के लाल साए में चांद (Moon near Mars)

अगले ही दिन तड़के सुबह पूर्व-उत्तरपूर्व क्षितिज पर चांद अपनी जगह बदल चुका होगा। सुबह 4:00 बजे से 5:15 बजे तक चांद, लाल आभा बिखेरते मंगल ग्रह के बेहद करीब लटका हुआ नजर आएगा।

3. 9 जून: शुक्र और बृहस्पति का महामिलन (Venus-Jupiter Conjunction)

यह इस महीने का सबसे खूबसूरत नजारा हो सकता है। सूर्यास्त के करीब 30 मिनट बाद शाम 7:45 बजे से 8:30 बजे तक पश्चिम-उत्तरपश्चिम (West-Northwest) दिशा में नीचे की तरफ देखें। हमारे आसमान के दो सबसे चमकीले ग्रह (शुक्र और बृहस्पति) एक-दूसरे के इतने करीब होंगे कि मानो वे गले लगना चाह रहे हों। दोनों के बीच महज 1.5 डिग्री की दूरी रह जाएगी।

4. 15 जून: 'न्यू सुपरमून' और मिल्की वे देखने का सुनहरा मौका (New Supermoon Peak)

हालांकि इसका सटीक पीक सुबह का है, लेकिन स्टारगेजिंग के लिए 14 और 15 जून की रातें सबसे बेहतरीन होंगी। अमावस्या (New Moon) के कारण आसमान पूरी तरह से अंधकारमय होगा और अगर मौसम ने साथ दे दिया तो क्या ही कहने। दिल्ली के शौकीन लोग इस अंधेरी रात में हमारी आकाशगंगा यानी 'मिल्की वे' (Milky Way) को साफ देखने के लिए असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य (Asola Bhatti Wildlife Sanctuary) जैसे डार्क स्पॉट्स का रुख कर सकते हैं।

5. 15 जून: चमकीले बुध ग्रह का दीदार (Mercury at Greatest Elongation)

15 जून की शाम को ही बुध ग्रह सूर्य से अपनी अधिकतम दूरी पर होगा। गोधूलि बेला (Twilight) का उजाला कम होते ही शाम 7:30 बजे से रात 8:15 बजे के बीच पश्चिमी क्षितिज पर नीचे की तरफ देखें। बुध ग्रह आपको शुक्र और बृहस्पति की जोड़ी के ठीक नीचे चमकता हुआ दिखाई देगा।

6. 21 जून: साल का सबसे लंबा दिन (June Summer Solstice)

21 जून को 'जून समर सोल्सटिस' है। यह दिल्ली और पूरे उत्तरी गोलार्ध के लिए साल का सबसे लंबा दिन होगा और इसी के साथ आधिकारिक तौर पर खगोलीय गर्मियों (Astronomical Summer) की शुरुआत हो जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article