Vikas Dubey: गैंगस्टर विकास दुबे पर सख्त हुआ प्रशासन, घर किया गया ध्वस्त, कारों को कुचला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2020, 01:55 PM IST

Vikas Dubey House demolished: कानपुर एनकाउंटर मामले में मुख्य आरोपी विकास दुबे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने उसके घर को ध्वस्त किया।

Vikas Dubey: गैंगस्टर विकास दुबे पर सख्त हुआ प्रशासन, घर किया गया ध्वस्त, कारों को कुचला
Photo Credit: ANI

कानपुर: कानपुर एनकाउंटर मामले का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के खिलाफ कार्रवाई होनी शुरू हो गई है। विकास दुबे का घर जिला प्रशासन द्वारा ध्वस्त किया जा रहा है। इस दौरान वहां खड़ी कारों को भी कुचल दिया गया। 3 जून की रात चौबेपुर थाने के दिकरू गांव में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकड़ने पुलिस टीम गई थी। इस टीम पर हमला हो जाता है, जिसमें 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इसी के बाद से विकास दुबे को दबोचने के लिए यूपी पुलिस द्वारा 25 से अधिक टीमें बनाई गई हैं।

कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक (IG) मोहित अग्रवाल ने शनिवार को न्यूज एजेंसी PTI से कहा, 'विकास दुबे और उसके सहयोगियों को पकड़ने के लिए 25 टीमों का गठन किया गया है, जो राज्य के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर रही हैं।' पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि सर्विलांस टीम 500 से अधिक मोबाइल फोन को स्कैन कर रही थी और दुबे से संबंधित जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रही थी। 

पुलिसवाले ने की मुखबिरी!

इसके अलावा ये भी जानकारी सामने आई है कि विकास दुबे की जो कॉल डिटेल्स पुलिस के हाथ लगी हैं वो हैरान करने वाली हैं, क्योंकि इसमें कई पुलिसवालों के भी नंबर हैं। वारदात से कुछ समय पहले ही विकास दुबे ने एक दारोगा से भी बात की थी। दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, अधिकारियों को आशंका है कि महकमे के ही किसी शख्स ने विकास को पुलिस के हर मूवमेंट की जानकारी दी थी। 

आईजी (कानपुर रेंज) मोहित अग्रवाल ने विकास दुबे की गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले को 50 हजार रुपए इनाम देने का ऐलान किया है। दुबे पर 60 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

मां ने कहा- मेरे बेटे का एनकाउंटर कर दो

वहीं गैंगस्टर विकास दुबे की मां ने कहा है कि पुलिस को उसके बेटे को मुठभेड़ में मार देना चाहिए क्योंकि उसने जो किया है वह गलत है। विकास दुबे की मां सरला देवी ने कहा, 'उसे पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए। यदि वह ऐसा नहीं करता है, तो पुलिस उसे मुठभेड़ में मार सकती है। मैं कहती हूं कि उसे पकड़ो और फिर उसका फिर एनकाउंटर करो। उसे सजा मिलनी ही चाहिए। निर्दोष पुलिसकर्मियों को मारकर उसने बहुत बुरा काम किया है। मैंने टीवी पर मुठभेड़ की खबर देखी।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!