'विकास दुबे का दूसरा नाम जल्लाद था'..एक और वायरल वीडियो में बोली शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 27, 2020, 08:14 PM IST

Kanpur Vikas Dubey Viral Video: कानपुर के बहुचर्चित बिकरू हत्या कांड के आरोपी रहे शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु का एक वीडियो वायरल हुआ है इस वायरल वीडियो में मनु कह रही है कि ‘विकास दुबे का दूसरा नाम जल्लाद था’।

'विकास दुबे का दूसरा नाम जल्लाद था'..एक और वायरल वीडियो में बोली शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु 

कानपुर: यूपी के कानपुर शूटआउट मामले के बाद वैसे तो खामोशी है मगर पुलिसिया कार्रवाई जारी है, इस बीच इस कांड से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, इसी क्रम में एक और वीडियो सामने आया है जिसमें बिकरू हत्या कांड के आरोपी रहे शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु खुलासा कर रही है, मनु इस वीडियो में विकास दुबे को 'जल्लाद' बताते हुए कह रही है कि सीओ देवेन्द्र मिश्रा की हत्या विकास और अमर दुबे ने की थी, इस वीडियो से ये बात और पुख्ता हो रही है कि विकास दुबे ने ही इस भयानक कांड को अंजाम दिया था जिसमें 8 पुलिस वाले शहीद हुए थे।

पुलिस ने शशिकांत की पत्नी से कई राउंड पूछताछ किए हैं जिसमें कई चौंकाने वाली बात सामने आई है। डीएसपी और अन्य पुलिसकर्मी अमर दुबे के सामने गिड़गिड़ाते रहे के वे उन्हें गोली ना मारे लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और उनपर गोलियां चला दी। देवेंद्र मिश्रा को अमर दुबे ने ही मनु के घर के आंगन में गोली मारी थी।

मनु वायरल वीडियो में बता रही है-मेरे कमरे के पास ही सीओ की हत्या हुई थी

मनु के मुताबिक सीओ देवेंद्र मिश्रा दीवार कूद कर आंगन में आए थे। इसी बीच उसके ससुर प्रेम प्रकाश और अमर दुबे ने मिलकर उन्हें पकड़ लिया और ये कहते हुए कि उसने भइया को बहुत परेशान किया है उन पर गोलियों का बरसात कर दी। इसके बाद उसके पैर काट दिए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मनु वायरल वीडियो में बता रही है कि मेरे कमरे के पास ही सीओ की हत्या हुई थी, अतुल दुबे ने बताया था कि सीओ यहां पर लेटा हुआ है।

विकास दुबे ने कहा था कि मेरा एनकाउंटर करने आया था, इसके बाद विकास और अमर दुबे ने गोली मारी थी। मैं सब कुछ कमरे से सुन रही थी, जिस वक्त पुलिस और बदमाशों के मुठभेड़ चल रही थी, मनु दोनों मासूम बच्चों के साथ खुद को कमरे में कैद कर लिया था।

विकास दुबे ने चिल्लाते हुए कहा था कि सीओ मेरा एनकाउंटर करने आया था... 

शशिकांत की पत्नी मनु ने बताया कि विकास दुबे ने चिल्लाते हुए कहा था कि सीओ मेरा एनकाउंटर करने आया था। इसके बाद अमर दुबे और विकास ने गोली मारी थी। वहीं विकास के भतीजे अतुल दुबे ने बताया था कि सीओ यहां पर छिपे हुए हैं , शशिकांत विकास दुबे के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय के बेटा है और बताते हैं कि उसने भी विकास दुबे के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसाई थी। शशिकांत घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। एसटीएफ ने बाद में शशिकांत को गिरफ्तार किया था। शशिकांत की निशानदेही पर पुलिस से लूटी गई एके-47 और रायफल बरामद की गई थी।

मनु ने बताया कि अब उसके पास खोने के लिए कुछ बचा नहीं है

मनु ने बताया कि अब उसके पास खोने के लिए कुछ बचा नहीं है ससुर एनकाउंटर में मार दिए गए। पति जेल में है। घर पर उसके बच्चे हैं और बीमार सास है जिसकी जिम्मेदारी अब उस पर है। उनकी देखभाल के लिए वह कुछ भी कर सकती है। उसने बताया कि वह पुलिस का पूरा सहयोग करेगी। मनु ने इससे पहले की पूछताछ में बताया था कि उस दिन 2 जुलाई को रात 12 बजे विकास पिस्तौल लहराते हुए उसके घर आया था।

घर आने के बाद वह मेरे पति शशिकांत को अपने साथ ले गया। उन दोनों के जाने के बाद मेरे ससुर प्रेम प्रकाश ने मुझसे कहा कि वह घर का दरवाजा ना खोले जब तक कि ना कहा जाए। इसके अलावा उसे ये भी कहा गया कि वह खुद को और अपने बच्चों को एक कमरे में सुरक्षित बंद कर ले क्योंकि शूटआउट होने वाला है।

साभार- नवभारत टाइम्स

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!