देश

जुबीन गर्ग का हुआ अंतिम संस्कार, पूरे अनुष्ठान के दौरान रोती रहीं पत्नी गरिमा, हजारों लोगों ने दी नम आंखों से आखिरी विदाई

ज़ुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर का मंगलवार सुबह गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दूसरी बार पोस्टमार्टम किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सुबह-सुबह सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और गायक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Image

जुबीन गर्ग को अंतिम विदाई (ANI)

Zubeen Garg's Final Journey: असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके में कमरकुची के वन्य क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गायक ज़ुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बहन पाल्मे बोरठाकुर और गायक के शिष्य संगीतकार राहुल गौतम ने तोपों की सलामी के बीच चिता को अग्नि दी। पुजारियों के मार्गदर्शन में उन्होंने चिता की सात बार परिक्रमा की और मौके पर मौजूद सभी लोग खड़े हो गए। जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग उस मंच के किनारे बैठी थीं जहां उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा था और पूरे अनुष्ठान के दौरान रोती रहीं।

'जुबीन, जुबीन' नारे हवा में गूंजने लगे

जैसे ही आग की लपटों से धुआं उठा, 'जुबीन, जुबीन' जैसे नारे हवा में गूंजने लगे और लोग उनका गीत 'मायाबिनी रातिर बुकु' गाते देखे गए। लोकप्रिय गायक को श्रद्धांजलि देने के बाद, असम पुलिस ने उन्हें तोपों की सलामी दी और बिगुल बजाया। जूबीन गर्ग के पार्थिव शरीर को एक चबूतरे पर ले जाया गया और वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच चिता पर रखा गया। परिवार ने कुछ वैदिक अनुष्ठान किए, जबकि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चिता पर लकड़ियां रखीं।

इससे पहले जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा गुवाहाटी में अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से श्मशान घाट के लिए शुरू हुई। उनके शव का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दूसरी बार पोस्टमॉर्टम किया गया और इसके बाद उनका पार्थिव शरीर फिर से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लाया गया था, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने अपने चहेते कलाकार को अंतिम श्रद्धांजलि दी। गर्ग के पार्थिव शरीर को कांच के ताबूत में रखा गया और पारंपरिक असमिया ‘गमोसा’ में लपेटकर फूलों से सजी एम्बुलेंस में ले जाया गया। वाहन के सामने गायक की एक बड़ी तस्वीर लगाई गई। जुबीन गर्ग के 85 वर्षीय पिता और पत्नी गरिमा सैकिया अलग-अलग वाहनों में उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। हजारों प्रशंसक गायक के पार्थिव शरीर के साथ चल रहे थे। जुबीन का अंतिम संस्कार खेल परिसर से लगभग 20 किलोमीटर दूर कमरकुची एनसी गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

दोबारा हुआ पोस्टमार्टम

ज़ुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर का मंगलवार सुबह गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दूसरी बार पोस्टमार्टम किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सुबह-सुबह सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और गायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया। सरमा ने एक्स पर पोस्ट किया, #BelovedZubeen की अंतिम यात्रा शुरू होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। कुछ देर पहले मैं सरुसजाई स्टेडियम में उनके शुभचिंतकों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करने गया था। पिछले दो दिन उनके लोगों पर अटूट प्रेम के प्रतीक हैं। अब कोई दूसरा ज़ुबीन नहीं होगा।

पार्थिव शरीर को स्टेडियम वापस लाया गया

पोस्टमार्टम के बाद जुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर को स्टेडियम वापस लाया गया, जहां से उसे शहर के बाहरी इलाके सोनपौर के कमरकुच स्थित अंतिम संस्कार स्थल ले जाया गया। स्टेडियम के द्वार, जहां रविवार से उनका पार्थिव शरीर रखा गया था, आधी रात को बंद कर दिए गए थे। इस महान हस्ती के सम्मान में राज्य भर में शैक्षणिक संस्थान बंद हैं, जबकि सरकारी कार्यालय सुर्फ कामरूप (मेट्रो) जिले में ही बंद हैं।

कई जगहों पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई

राज्य भर में कई जगहों पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं ताकि प्रशंसक गर्ग की अंतिम यात्रा देख सकें। गर्ग का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। कमरकुची स्थित अंतिम संस्कार स्थल पर वाहन से ताबूत उतारने के बाद पुलिसकर्मी उसे कंधा देंगे। राज्य ने शुष्क दिवस घोषित किया है, जबकि मेघालय सरकार ने यह भी कहा है कि जिस रास्ते से ज़ुबीन का पार्थिव शरीर गुज़रेगा, उस रास्ते पर सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू अंतिम संस्कार में केंद्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्यमंत्री के अलावा, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और अखिल असम छात्र संघ (आसू) के प्रतिनिधि अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article