देश

सट्टेबाजी ऐप मामले में ED दफ्तर पहुंचे युवराज सिंह, कल रॉबिन उथप्पा से हुई थी लंबी पूछताछ

1xBet एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो भारत में अवैध रूप से संचालित हो रहा है। यह प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों में लिप्त है। केंद्रीय एजेंसियों ने इसकी वित्तीय लेन-देन, कर चोरी और डेटा सुरक्षा उल्लंघनों की जांच शुरू की है।

Image

युवराज सिंह से ED की पूछताछ (PTI)

Yuvraj Singh Reaches ED Office: गैरकानूनी बेटिंग ऐप्स मामले क्रिकेटर युवराज सिंह और एक्ट्रेस अन्वेषी जैन ईडी की पूछताछ में शामिल हुए। प्रवर्तन निदेशालय ने आज पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह से गैरकानूनी सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की। इस मामले में एक्ट्रेस अन्वेषी जैन भी सुबह 11 बजे ईडी दफ्तर पहुंचीं।

ईडी की जांच में सामने आया है कि 1xBet, FairPlay, Parimatch और Lotus365 जैसे सट्टेबाजी ऐप्स को बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज प्रमोट कर रहे हैं। इनमें हरभजन सिंह, यूवराज सिंह, सोनू सूद, सुरेश रैना और उर्वशी रौतेला समेत कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन ऐप्स के जरिये मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी की जा रही है। जांच में सामने आया है कि फर्जी अकाउंट्स बनाकर पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं। जैसे ही कोई खाता चिन्हित होता है, तुरंत पैसा दूसरे खाते में भेजकर हटा दिया जाता है। इससे जांच एजेंसियों को दिक्कत आती है।

इससे पहले ईडी ने गूगल और मेटा के अधिकारियों को भी तलब किया था। एजेंसी का कहना था कि इन प्लेटफ़ॉर्म्स पर गैरकानूनी बेटिंग ऐप्स के विज्ञापन और सरोगेट ऐड्स चलाए जा रहे थे। ईडी के अनुसार, इस गोरखधंधे में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस जांच की आंच में कई और लोग आ सकते है।

सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा से हो चुकी है पूछताछ

ED इस मामले में अब तक कई क्रिकेटरों सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा और फिल्मी सितारों मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हाजरा, अंजली अरोड़ा से पूछताछ कर चुकी है। कल रॉबिन उथप्पा से करीब 8 घंटे तक पूछताछ हुई थी। इसी मामले में ईडी ने अभिनेता सोनू सूद को बुधवार 24 सितंबर को तलब किया है। यह जांच 1xBet सट्टेबाजी ऐप के संचालन से संबंधित है, जो ईडी की ऐसे प्लेटफार्म के खिलाफ व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये की ठगी करने और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष करों की भारी मात्रा में चोरी करने के आरोप हैं।

क्या है 1xBet मामला?

1xBet एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो भारत में अवैध रूप से संचालित हो रहा है। यह प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों में लिप्त है। केंद्रीय एजेंसियों ने इसकी वित्तीय लेन-देन, कर चोरी और डेटा सुरक्षा उल्लंघनों की जांच शुरू की है। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए कोई केंद्रीय कानून नहीं है, लेकिन कई राज्य इसे प्रतिबंधित करते हैं। 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 174 अवैध सट्टेबाजी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिसमें 1xBet भी शामिल है। इसके अलावा, 2025 में “प्रोमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट” पारित किया गया, जो ऑनलाइन सट्टेबाजी को प्रतिबंधित करता है और इसके लिए दंड का प्रावधान करता है।

1xBet मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी कंपनी

कुराकाओ में पंजीकृत कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज है जो सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों से कार्यरत है। ब्रांड के ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं। इस जांच के तहत आने वाले दिनों में एजेंसी द्वारा कुछ अन्य खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेताओं, ऑनलाइन प्रभावशाली व्यक्तियों और मशहूर हस्तियों से पूछताछ किए जाने की उम्मीद है।

ईडी जांच के दायरे में क्या-क्या?

ईडी की जांच का उद्देश्य मशहूर हस्तियों से यह जानना है कि सट्टेबाजी कंपनी ने उनसे विज्ञापन प्राप्त करने के लिए कैसे संपर्क किया, भारत में संपर्क के लिए नोडल व्यक्ति कौन थे, भुगतान का तरीका (हवाला या बैंकिंग माध्यम से नकद) और भुगतान का स्थान (भारत या विदेश में) आदि। ऐसा समझा जाता है कि एजेंसी क्रिकेटरों और अभिनेताओं के बयान दर्ज करते हुए उनसे पूछ रही है कि क्या उन्हें पता था कि भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग अवैध है। एजेंसी ने उनसे 1xBet के साथ किए गए अपने अनुबंधों और सभी संबंधित ईमेल और कागजी दस्तावेजों की एक प्रति भी प्रस्तुत करने को कहा है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article