Twisha Sharma Case: खामोशी, घुटन, बेबसी और फिर मौत... यह महज शब्द नहीं, बल्कि आज के समाज में कई महिलाओं की हकीकत है, जो ट्विशा बन गईं, जिन्हें पहले दबाया गया और फिर उनपर 'समाज का दबाव' बनाकर चुप करा दिया जाता है। इस सच्चाई से हर कोई वाकिफ है, लेकिन बात महज इतनी है कि लोग चुप्पी के बाद का स्वर सुनकर भी अनसुना कर देते हैं। इस बीच, अदाकार कंगना रनौत के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने समाज की इस कड़वी सच्चाई पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मिस्ट्री और ग्रेटर नोएडा की नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने महज दो परिवारों को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है। इन घटनाओं के बीच, कंगना रनौत का यह कहना- 'आपको अपना हीरो खुद बनना होगा' सीधे उस समाजिक व्यवस्था या कहें सोच पर सीधा सवाल है, जहां यह समझा जाता है कि शादी ही लड़कियों की अंतिम मंजिल है या शादी के बिना उनकी जिंदगी कुछ नहीं इत्यादि...
अकेली क्यों पड़ जाती हैं बेटियां?
आमतौर पर लड़कियों के दिमाग में एक बात बचपन से ही डाली जाती है, जहां वो अपनी मां या मां तुल्य किसी अन्य महिलाओं को चुपचाप पीड़ा सहती हुई देखती हैं। न चाहते हुए भी कई बेटियां 'चुप्पी' को ही एकमात्र जीवन निर्वहन का अस्त्र समझने लगती हैं। वहीं, कई बेटियों को बचपन से सिखाया जाता रहा है कि शादी के बाद सबकुछ सहन करना पड़ता है। यही सोच कई बार मानसिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों को 'घर का मामला' बनाकर दबा देती हैं और बहुत सारी ट्विशा जैसी बेटियां खामोश हो जाती हैं।
'पहले करियर, बाद में शादी'
मौजूदा परिस्थतियों को देखते हुए कंगना रनौत ने महिलाओं को सशक्त बनाने की बात कही और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सबसे ज्यादा जोर दिया। कंगना रनौत ने सलाह दी कि सभी लड़कियों को पहले अपने पैरों पर खड़ा होने चाहिए। उनका करियर किसी भी आदमी से अधिक जरूरी है। शादी के बारे में तभी सोचें जब आप आत्मनिर्भर हो जाएं।

कंगना रनौत की महिलाओं से खास अपील
कंगना रनौत के संदेश की मुख्य बातें:
- लड़कियों को पहले अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए।
- शादी जिंदगी का लक्ष्य नहीं हो सकता है।
- आत्मनिर्भर महिला गलत रिश्ते से बाहर निकलने का साहस रखती है।
कंगना रनौत की यह बातें महज 'मोटिवेशनल लाइन' या स्पीच नहीं, बल्कि आज के समय की समाजिक जरूरत है। अक्सर 'दहेज' इत्यादि से जुड़े मामले आप सभी देखते होंगे, लेकिन दहेज सिर्फ पैसों की मांग नहीं है, बल्कि एक तरह का मानसिक दबाव है, जो धीरे-धीरे पीड़ित का खा जाता है और उसकी पहचान भी छीन लेता है।
दहेज उत्पीड़न की बात सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं होती है। इसके अलावा, लड़कियों/महिलाओं को ताने सुनने पड़ते हैं, उन पर भावनात्मक दबाव बनाया जाता है, तुलनाएं होने लगती हैं, धीरे-धीरे लोग दूरियां बनाने लगते हैं, इत्यादि।
- ताने
- भावनात्मक दबाव
- तुलना
- परिवार से दूरी
- आर्थिक नियंत्रण
समस्या यह है कि समाज आज भी लड़की को 'समझौता' करने की सलाह ज्यादा देता है और 'वापस आ जाओ' जैसी बातें बहुत कम बोली जाती है, जब मां-बाप ही अपनी बेटियों की बातों को नजरअंदाज करेंगे तो समाज ट्विशाओं से भरा रहेगा, लेकिन हमें ट्विशा को सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना होगा और इस तरफ भी काम हो रहा है।

भावनात्मक अलगाव (प्रतीकात्मक तस्वीर)
परिवारों की बदलने की जरूरत
इस पूरे मुद्दे में सिर्फ कानून काफी नहीं हैं। जरूरत है कि परिवार अपनी बेटियों को भावनात्मक सपोर्ट करें।
- बेटियों को भावनात्मक सपोर्ट दें।
- शादी बचाने से पहले बेटी की सुरक्षा को प्राथमिकता दें
- 'लोग क्या कहेंगे' वाली मानसिकता छोड़ें।
- बेटियों को आर्थिक आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करें।
ट्विशा शर्मा और ग्रेटर नोएडा जैसी घटनाएं सिर्फ आंकड़ें नहीं, बल्कि यह हमें एक बार फिर बता रहे हैं कि पढ़ाई और नौकरियों के बावजूद महिलाएं असुरक्षित महसूस कर सकती हैं और शादी के बाद भावनात्मक अलगाव एक बड़ी समस्या है। ऐसे में समाज को एक 'अच्छी बहू' से बढ़कर 'सुरक्षित बेटी' की चिंता करने की जरूरत है। कंगना रनौत की पोस्ट भले सोशल मीडिया पर लिखी गई हो, लेकिन उसका संदेश सीधा है- 'बेटियों को सिर्फ शादी के लिए नहीं, जिंदगी के लिए तैयार कीजिए।'
