देश

मैं जिसका भी साथ देता हूं, वही सत्ता में आता है; सरकार के 12 साल पूरे होने पर बोले रामदास आठवले

रामदास आठवले ने कहा कि लोग चाहते हैं कि मोदी सत्ता में बने रहें। उन्होंने ’’एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’’ के संवैधानिक सिद्धांत का ज़िक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनादेश जनता के पास होता है।

Image

सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले

दिल्ली : सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि वह जिसका भी साथ देते हैं, वही सत्ता में आता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2029 के आम चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एक और जीत दिलाएंगे। मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में 12 साल पूरे होने के मौके पर यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री 25 साल से ज़्यादा समय तक सेवा करेंगे।

लोग चाहते हैं कि मोदी सत्ता में बने रहें-आठवले

बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी गणना में मोदी के सत्ता में बिताए गए 12 साल भी शामिल हैं, जिसका मतलब है कि प्रधानमंत्री 2029 और 2034 में भी सत्ता हासिल करेंगे। उन्होंने कहा, ’’लोग चाहते हैं कि मोदी सत्ता में बने रहें। उन्होंने ’’एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’’ के संवैधानिक सिद्धांत का ज़िक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनादेश जनता के पास होता है। राजग का हिस्सा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के नेता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ’’मैं जिसका भी साथ देता हूं, वही सत्ता में आता है; इससे मैं सरकार का हिस्सा बन जाता हूं और विपक्ष सत्ता से बाहर हो जाता है।

मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए उन्हें ’’रोजाना आलोचना करने में विशेषज्ञ’’ बनने के लिए बधाई दी।

उन्होंने भरोसा जताया कि अगले चुनावों के बाद भी विपक्ष अपनी मौजूदा स्थिति में ही रहेगा, क्योंकि राजग का सत्ता छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। आठवले ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ हाल में हुई अपनी मुलाकात के दौरान, उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से भगवान बुद्ध की एक मूर्ति भेंट की। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि दुनिया को युद्ध के बजाय बुद्ध की शिक्षाओं और शांति की ज़रूरत है।

राजग सरकार के धर्मनिरपेक्ष नजरिए पर जोर देते हुए, आठवले ने भेदभाव के आरोपों को खारिज किया और कहा कि प्रशासन हिदू, मुसलमान, ईसाई, जैन, बौद्ध और लिंगायत समेत सभी समुदायों के लिए समान रूप से काम करता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article