देश

त्रिपुरा का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? सस्पेंस खत्म, BJP विधायकों ने इन्हें चुना अपना नेता

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Mar 6, 2023, 09:42 PM IST

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। प्रदेश के बीजेपी विधायकों ने माणिक साहा (Manik Saha) को विधायक दल का नेता चुन लिया है। वे दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे।

Image

माणिक साहा फिर बनेंगे त्रिपुरा के सीएम

Photo : ANI

नई दिल्ली/अगरतला: त्रिपुरा का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? सस्पेंस खत्म हो गया है। माणिक साहा (Manik Saha) को बीजेपी विधायकों ने विधायक दल का नेता चुन लिया है। वे फिर त्रिपुरा के सीएम बनेंगे। मुख्यमंत्री की रेस में निवर्तमान मुख्यमंत्री माणिक साहा का पलड़ा भारी दिख रहा था। बीजेपी विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद माणिक साहा ने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात करके नई सरकार के गठन का दावा पेश कर दिया।

8 मार्च को शपथ ग्रहण

शपथ ग्रहण समारोह 8 मार्च को होगा। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के अध्यक्ष जे पी नड्डा मंगलवार शाम अगरतला पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों के भी शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना है।

बीजेपी को स्पष्ट बहुमत

बीजेपी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है जबकि उसके सहयोगी दल इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने 1 सीट जीती है। राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 16 फरवरी को हुआ था और नतीजों की घोषणा 2 मार्च को की गई।

केंद्रीय नेतृत्व की बैठक में भी साहा का पलड़ा रहा भारी

सूत्रों के मुताबिक रविवार को अमित शाह के आवास पर बीजेपी अध्यक्ष नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक में साहा का पलड़ा भारी रहा। इस बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम पर भी विचार-विमर्श किया गया लेकिन केंद्रीय नेतृत्व साहा के पक्ष में रहा। विधायक दल की बैठक में भी साहा के नाम पर सहमति बनी। साहा शिक्षित हैं, सभ्य हैं और उनकी छवि भी साफ सुथरी है।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article