Kerala Congress CM Race: केरल का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? यह सवाल केरल से लेकर दिल्ली तक हर किसी के जुबान पर छाया हुआ है। इसको लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेता लगातार मंत्रणा कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी एक व्यक्ति पर भरोसा नहीं जता पाए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस मामले पर मंथन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, जबकि सरकार गठन की समयसीमा 23 मई नजदीक आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही केरल के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है।
CM पद की रेस में शीर्ष पर KC
केरल के मुख्यमंत्री की रेस में यूं तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल हैं, लेकिन केसी वेणुगोपाल को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। इसके बाद, विधायकों ने सतीशन पर भरोसा जताया है।
राहुल-खरगे के भरोसेमंद साथी हैं वेणुगोपाल
वेणुगोपाल कांग्रेस आलाकमान के सबसे भरोसेमंद चेहरों में से एक हैं और 2019 से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन, संगठनात्मक फैसलों और गठबंधन प्रबंधन जैसे अहम मामलों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ अन्य पार्टी नेता
कौन हैं केसी वेणुगोपाल
केसी वेणुगोपाल, जिनका पूरा नाम कोझुम्मल चट्टाडी वेणुगोपाल (Kozhummal Chattadi Venugopal) हैं। वेणुगोपाल की केरल की राजनीति में मजबूत पकड़ है। वह 1996 से 2009 तक अलप्पुझा से तीन बार विधायक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी की सरकार में पर्यटन मंत्री भी रह चुके हैं।
मनमोहन सरकार में रह चुके हैं मंत्री
इसके बाद, केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा और साल 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में अलप्पुझा सीट से कामयाबी हासिल की। वेणुगोपाल मनमोहन सिंह सरकार में ऊर्जा और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों में राज्य मंत्री की भूमिका निभा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
