देश

तब कहां थे अरविंद केजरीवाल- दिल्ली अध्यादेश विवाद पर समर्थन की बात पर बिफरे उमर अब्दुल्ला, दिखाया आईना

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 10, 2023, 04:56 PM IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल इस अध्यादेश के खिलाफ समर्थन हासिल करने के लिए गैर-बीजेपी दलों के कई नेताओं के पास जा चुके हैं, ताकि संसद में लाए जाने पर इस विधेयक को पास करने से रोका जा सके। केजरीवाल को कुछ दलों ने समर्थन का भी भरोसा दिया है।

Image

अरविंद केजरीवाल पर बिफरे उमर अब्दुल्ला

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • केंद्र के अध्यादेश के केजरीवाल चला रहे हैं मुहीम
  • कई विपक्षी नेताओं से कर चुके हैं मुलाकात
  • संसद में विधेयक को पास करने की है केजरीवाल की तैयारी

मोदी सरकार द्वारा दिल्ली के लिए लाए गए एक अध्यादेश के खिलाफ AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) कई पार्टियों से समर्थन मांग चुके हैं। कुछ क्षेत्रीय पार्टियों ने उन्हें समर्थन का भरोसा भी दिया है, लेकिन इसी समर्थन के मुद्दे पर कई दल उन्हें आईना भी दिखा चुके हैं। कांग्रेस के बाद अब नेशनल कांफ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने केजरीवाल को आईना दिखा दिया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जब इन्हें जरूरत पड़ती है तो ये हमारे दरवाजे जरूर खटखटाते हैं, अरविंद केजरीवाल मुसीबत में है तो उन्हें हमारी सपोर्ट की जरूरत है, लेकिन ये 370 के समय में कहां थे?

क्या बोले उमर अब्दुल्ला

नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला से जब अध्यादेश विवाद पर केजरीवाल को समर्थन देने की बात पूछी गई तो वो बिफर पड़े। उन्होंने केजरीवाल पर भड़कते हुए कहा कि तब अरविंद केजरीवाल कहां थे, जब जम्मू-कश्मीर से 370 हटाया जा रहा था। उन्होंने कहा- "जब धारा 370 हटाई गई तो अरविंद केजरीवाल कहां थे? उन्होंने उस समय सरकार का समर्थन किया था और आज वे अन्य दलों से समर्थन मांग रहे हैं।"

किस-किस से समर्थन मांग चुके हैं केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल इस अध्यादेश के खिलाफ समर्थन हासिल करने के लिए गैर-बीजेपी दलों के कई नेताओं के पास जा चुके हैं, ताकि संसद में लाए जाने पर इस विधेयक को पास करने से रोका जा सके। अब तक केजरीवाल उद्धव ठाकरे, शरद पवार, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन, एमके स्टालिन, सीताराम येचुरी, के चंद्रशेखर राव, ममता बनर्जी और नीतीश कुमार से मुलाकात कर चुके हैं। इन नेताओं ने उन्हें सपोर्ट का भरोसा भी दिया है।

क्या है दिल्ली अध्यादेश विवाद

केंद्र ने 19 मई को दिल्ली में ग्रुप-ए के अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग के लिए एक प्राधिकरण बनाने के लिए अध्यादेश जारी किया था, जिसे आप सरकार ने सेवाओं के नियंत्रण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के साथ धोखा बताया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि को छोड़कर दिल्ली में सेवाओं का नियंत्रण निर्वाचित सरकार को सौंपे जाने के एक सप्ताह बाद यह अध्यादेश आया। यह DANICS कैडर के ग्रुप-ए अधिकारियों के स्थानांतरण और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए एक राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण स्थापित करने की बात कहता है। शीर्ष अदालत के 11 मई के फैसले से पहले दिल्ली सरकार के सभी अधिकारियों के स्थानांतरण और पोस्टिंग लेफ्टिनेंट गवर्नर के कार्यकारी नियंत्रण में थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article