देश

सिद्धू ने भगवंत मान को सीएम की कुर्सी गिफ्ट में दी- नवजोत कौर का दावा, केजरीवाल को लेकर भी किया बड़ा खुलासा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 9, 2023, 07:03 PM IST

सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कई माध्यमों से नवजोत सिंह सिद्धू से संपर्क साधा था और राज्य में पार्टी की कमान संभालने की बात की थी।

Image

सिद्धू को केजरीवाल ने दिया था सीएम पद का ऑफर- नवजोत कौर

Photo : PTI

Navjot Singh Sidhu: नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर के एक खुलासे ने पंजाब की राजनीति में भूचाल ला दिया है। सिद्धू की पत्नी ने दावा किया है कि उनके पति ने भगवंत मान को सीएम की कुर्सी गिफ्ट में दी है। क्योंकि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आप के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम बनाना चाहते थे। नवजोत कौर का यह बयान भगवंत मान और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच जारी वाकयुद्ध के बीच आया है।

क्या कहा नवजोत कौर ने

नवजोत कौर ने इसे लेकर कई ट्वीट किए हैं। जिसमें उन्होंने कहा- "मुख्यमंत्री भगवंत मान, आज मैं एक खुलासा करती हूं, आपको पता होना चाहिए कि आज जिस सम्मानित कुर्सी पर बैठे हैं वह आपको आपके बड़े भाई नवजोत सिद्धू ने उपहार में दी है। आप के अपने सबसे वरिष्ठ नेता की इच्छा थी कि नवजोत पंजाब की कमान संभालें।"

'केजरीवाल ने किया था संपर्क'

सिद्धू की पत्नी ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कई माध्यमों से नवजोत सिंह सिद्धू से संपर्क साधा था और राज्य में पार्टी की कमान संभालने की बात की थी। कौर ने दावा किया- "केजरीवाल ने कई माध्यमों से नवजोत सिद्धू से संपर्क साधा था और राज्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए पंजाब में पार्टी की कमान संभालने की बात की थी। सिद्धू अपनी पार्टी को धोखा नहीं देना चाहते थे और जब पंजाब को उन्नति के रास्ते में ले जाने के लिए रणनीति बनाने की बात हो तो वह जानते थे कि दो बेहद मजबूत विचारों वाले लोगों के बीच झगड़े हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने आपको मौका दिया।"

सिद्धू और मान के बीच टकराव

जेल से बाहर आने के बाद से ही नवजोत सिंह सिद्धू, मान सरकार पर लगातार हमलावर हैं। हाल ही में मान ने सतर्कता विभाग के निशाने पर आए एक पंजाबी समाचार पत्र के संपादक के समर्थन में रविवार को विपक्षी दलों के इकट्ठा होने के लिए उनकी आलोचना की थी। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिद्धू ने कहा था कि जो दिल्ली के इशारे पर लोकतंत्र को निगरानी तंत्र बनाते हैं और जो पंजाब को रिमोट कंट्रोल से चलाते हैं वे अब नैतिकता पर भाषण दे रहे हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article